एंटरटेनमेंट डेस्क,20 अगस्त 2026

मनोरंजन डेस्क। सोशल मीडिया पर ‘कच्चा बादाम’ गाने से लोकप्रियता हासिल करने वाली अंजलि अरोड़ा अब बड़े पर्दे पर नजर आने वाली हैं। अंजलि फिल्म ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ में माता सीता का किरदार निभाएंगी। खास बात यह है कि यह फिल्म हिंदी के साथ-साथ छत्तीसगढ़ी भाषा में भी रिलीज की जाएगी।

फिल्म का निर्देशन अभिषेक सिंह ने किया है। वहीं, अंजलि अरोड़ा इस फिल्म के जरिए बतौर अभिनेत्री अपना डेब्यू करने जा रही हैं। फिल्म में देव शर्मा भगवान राम की भूमिका निभाते दिखाई देंगे, जबकि शील वर्मा लक्ष्मण का किरदार निभाएंगे।

राम-सीता विवाह से वनवास तक की कहानी

फिल्म के टीजर में भगवान राम और माता सीता के स्वयंवर से लेकर वनवास और रावण से जुड़े घटनाक्रम की झलक दिखाई गई है। टीजर की शुरुआत राम और सीता के स्वयंवर से होती है, जिसके बाद कहानी वनवास के प्रसंगों की ओर बढ़ती है।

टीजर में रामायण की चौपाइयों और प्रसिद्ध संवाद ‘रघुकुल रीत सदा चली आई, प्राण जाए पर वचन न जाई’ के जरिए कहानी को प्रस्तुत किया गया है। वनवास के दौरान राम और सीता के रिश्ते की झलक भी दिखाई गई है।

लक्ष्मण रेखा के बाद शुरू होती है रावण से संघर्ष की कहानी

टीजर में माता सीता के लक्ष्मण रेखा पार करने के बाद कहानी एक नया मोड़ लेती है। इसके बाद रावण से जुड़े घटनाक्रम और उसके विनाश की कथा को आगे बढ़ते हुए दिखाया गया है।

25 सितंबर को सिनेमाघरों में होगी रिलीज

‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ का निर्माण महोबिया फिल्म्स के बैनर तले किया गया है। फिल्म के निर्माता प्रकाश महोबिया और संजय बुंदेला हैं, जबकि एजे फिल्म एंटरटेनमेंट वर्ल्ड फिल्म को प्रस्तुत कर रही है।

निर्माताओं के अनुसार, फिल्म 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को हिंदी के साथ छत्तीसगढ़ी भाषा में रिलीज करने की तैयारी भी की गई है, जिससे छत्तीसगढ़ के दर्शकों के लिए यह फिल्म खास बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts