एंटरटेनमेंट डेस्क, 30 जुलाई 2026
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने कौन बनेगा करोड़पति (KBC) 18 के नए सीजन का शानदार आगाज कर दिया है। उन्होंने अपने ब्लॉग के माध्यम से बताया कि शो का प्री-प्रोडक्शन पूरा हो चुका है और अब शूटिंग की तैयारी शुरू हो गई है।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर शुभकामनाएं देने वाले प्रशंसकों का आभार व्यक्त करते हुए अमिताभ बच्चन ने कहा कि उन्हें इतने अधिक संदेश मिले कि सभी का व्यक्तिगत रूप से जवाब देना संभव नहीं हो सका। उन्होंने सभी प्रशंसकों का प्रेम और समर्थन के लिए धन्यवाद दिया।
बिग बी ने शो के सेट से कुछ तस्वीरें भी साझा करते हुए लिखा कि फाइनल मॉक टेस्ट पूरे हो चुके हैं और अब वास्तविक परीक्षा यानी शूटिंग शुरू होने वाली है। उन्होंने यह भी कहा कि इस बार शो के प्रोमो की तरह दर्शकों को “जरा सोचना पड़ेगा”।
अमिताभ बच्चन एक बार फिर KBC 18 के होस्ट के रूप में वापसी कर रहे हैं। शो की शूटिंग 1 अगस्त से शुरू होगी, जबकि इसका पहला एपिसोड 10 अगस्त को Sony Entertainment Television पर प्रसारित किया जाएगा।
कौन बनेगा करोड़पति विश्व प्रसिद्ध “Who Wants to Be a Millionaire?” फ्रेंचाइज़ का आधिकारिक हिंदी संस्करण है। इस क्विज़ शो में प्रतिभागियों से मल्टीपल-चॉइस प्रश्न पूछे जाते हैं और कठिन सवालों के दौरान उन्हें विभिन्न लाइफलाइन का उपयोग करने का अवसर भी मिलता है।



