रायपुर, 3 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए दीपावली से पहले बड़ी खुशखबरी है। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना के तहत नवंबर महीने की 33वीं किस्त की राशि आज 3 नवंबर को जारी की जाएगी। राज्योत्सव समारोह के दौरान केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह प्रदेश की लाखों महिलाओं के बैंक खातों में करोड़ों रुपये की राशि अंतरित करेंगे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। राज्योत्सव के मुख्य मंच से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से कुल 67 लाख 40 हजार 410 पात्र महिलाओं के खातों में 632 करोड़ 63 लाख 67 हजार 750 रुपये की राशि सीधे भेजी जाएगी। दीपावली से पहले आर्थिक सहायता मिलने से प्रदेश की महिलाओं और उनके परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।

67 लाख से अधिक महिलाओं को मिलेगा लाभ

महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त के तहत प्रदेश की 67 लाख 33 हजार 502 महिला हितग्राहियों को राशि प्रदान की जाएगी। इन महिलाओं ने योजना के तहत अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर ली है।

इसके अलावा, नियद नेल्ला नार कैंप क्षेत्र की 6,908 महिलाओं को उनकी 13वीं किस्त की राशि दी जाएगी। इस तरह इस चरण में कुल 67 लाख 40 हजार 410 महिलाएं योजना से लाभान्वित होंगी।

मार्च 2024 में हुई थी योजना की शुरुआत

छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना की शुरुआत 1 मार्च 2024 को हुई थी। योजना की पहली किस्त 10 मार्च 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करकमलों से जारी की गई थी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में अब तक योजना की 32 किस्तों के माध्यम से महिलाओं को कुल 20,717.87 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा चुकी है। अब 33वीं किस्त के अंतरण के बाद यह आंकड़ा बढ़कर 21,350.50 करोड़ रुपये हो जाएगा।

महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही योजना

महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं को लगातार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इस राशि से महिलाएं अपनी छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ परिवार की आर्थिक गतिविधियों में भी योगदान दे रही हैं।

सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है। योजना की हितग्राही महिलाएं भुगतान की स्थिति और अन्य जानकारी आधिकारिक पोर्टल mahtarivandan.cgstate.gov.in तथा प्ले स्टोर पर उपलब्ध मोबाइल ऐप के माध्यम से प्राप्त कर सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts