अंबिकापुर,10 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग के यात्रियों को अंबिकापुर से राजधानी रायपुर तक सीधी इंटरसिटी ट्रेन मिलने के लिए अभी और इंतजार करना पड़ सकता है। रेलवे प्रशासन ने फिलहाल नई ट्रेन शुरू करने में असमर्थता जताई है। रेलवे के मुताबिक, अंबिकापुर रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त रेल लाइन उपलब्ध नहीं होने के कारण नई ट्रेन के रैक खड़े करने के लिए जगह नहीं है। इससे अंबिकापुर-रायपुर इंटरसिटी ट्रेन शुरू करने की उम्मीदों को झटका लगा है। वहीं, शहडोल-नागपुर ट्रेन का अंबिकापुर तक विस्तार भी फिलहाल अटक गया है।
रेलवे ने लिखित जवाब में बताई परेशानी
दरअसल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य मुकेश तिवारी लगातार रेलवे की बैठकों में अंबिकापुर से नई ट्रेनों के संचालन और यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग उठाते रहे हैं। इसी सिलसिले में रेलवे प्रशासन ने लिखित जवाब देकर मौजूदा स्थिति स्पष्ट की है।
रेलवे के अनुसार, अंबिकापुर से रायपुर तक नई इंटरसिटी ट्रेन चलाने का नीतिगत निर्णय रेलवे बोर्ड के अधिकार क्षेत्र में आता है। हालांकि, वर्तमान में सबसे बड़ी बाधा स्टेशन पर रैक खड़े करने के लिए पर्याप्त जगह नहीं होना है।
रात में खड़े रहते हैं तीन ट्रेनों के रैक
रेलवे प्रशासन ने बताया कि अंबिकापुर स्टेशन पर रात के समय पहले से ही तीन ट्रेनों के रैक खड़े रहते हैं। इनमें शामिल हैं:
- 11265/66 जबलपुर-अंबिकापुर-जबलपुर
- 22408 हजरत निजामुद्दीन-अंबिकापुर
- 18755 शहडोल-अंबिकापुर
इन ट्रेनों को सुबह निर्धारित समय पर रवाना करने के लिए रात में स्टेशन पर खड़ा रखना जरूरी होता है। ऐसे में अतिरिक्त ट्रेन का रैक खड़ा करने के लिए जगह उपलब्ध नहीं हो पा रही है। यही वजह है कि फिलहाल नई इंटरसिटी ट्रेन का परिचालन मुश्किल बना हुआ है।
शहडोल-नागपुर ट्रेन का विस्तार भी अटका
शहडोल से नागपुर तक चलने वाली ट्रेन को अंबिकापुर तक विस्तारित करने की मांग पर भी रेलवे ने फिलहाल असमर्थता जताई है। रेलवे के मुताबिक, यह ट्रेन सेंट्रल रेलवे के अंतर्गत संचालित होती है। ट्रेन रात करीब 10 बजे शहडोल पहुंचती है और सुबह 5 बजे वहां से रवाना होती है।
ऐसे में ट्रेन को अंबिकापुर तक विस्तारित करने के लिए पर्याप्त समय उपलब्ध नहीं है। इसके अलावा अंबिकापुर स्टेशन पर अतिरिक्त रेल लाइन की कमी भी इस प्रस्ताव के रास्ते में बड़ी बाधा है।
सूरजपुर-अंबिकापुर रेल लाइन के दोहरीकरण का काम तेज
नई ट्रेन को लेकर निराशा के बीच रेलवे ने रेल लाइन के दोहरीकरण को लेकर राहत भरी जानकारी दी है। सूरजपुर रोड से अंबिकापुर तक रेल लाइन के दोहरीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।
सूरजपुर से बैकुंठपुर के बीच करीब 40 किलोमीटर के कार्य में तेजी लाई जा रही है। वहीं, बोरीडांड से बैकुंठपुर के बीच दोहरीकरण कार्य के लिए निविदा भी फाइनल कर दी गई है।
रेलवे के अनुसार, सूरजपुर रोड से अंबिकापुर तक दोहरीकरण के लिए फाइनल लोकेशन सर्वे को रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिल चुकी है और इसके लिए निविदा आमंत्रित की गई है। दोहरीकरण का काम पूरा होने के बाद रेल लाइन की उपलब्धता से जुड़ी समस्या काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है।
अंबिकापुर स्टेशन पर बढ़ेंगी यात्री सुविधाएं
नई ट्रेनों के संचालन को लेकर भले ही फिलहाल निराशा हाथ लगी हो, लेकिन अंबिकापुर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की तैयारी है। रेलवे ने स्टेशन पर कोच डिस्प्ले बोर्ड, पैदल ऊपरी पुल और लिफ्ट की व्यवस्था सहित स्टेशन उन्नयन से जुड़े कार्यों को स्वीकृति प्रदान की है।
इन कार्यों को जल्द शुरू किए जाने की संभावना है। फिलहाल अंबिकापुर से रायपुर के लिए सीधी इंटरसिटी ट्रेन और शहडोल-नागपुर ट्रेन के विस्तार का इंतजार कर रहे यात्रियों को रेल लाइन के दोहरीकरण और स्टेशन पर अतिरिक्त सुविधाओं के विकास तक प्रतीक्षा करनी पड़ सकती है।



