अंबिकापुर, 12 सितंबर 2026

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में भाजपा नेता और छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव के भतीजे अभिरत सिंहदेव (22) के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवकों ने महामाया रोड पर स्कूटी रोककर उनसे ₹2500 की मांग की। पैसे देने से इनकार करने पर युवकों ने उन्हें घेर लिया और हाथ-मुक्कों से मारपीट की।

घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कई युवक अभिरत को घेरकर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। किसी तरह अभिरत स्कूटी लेकर वहां से निकल गए। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

समलाया मंदिर के पास रोकी स्कूटी

पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, 7 सितंबर की शाम अभिरत सिंहदेव अपने दोस्त देव दुबे के साथ स्कूटी से महामाया पारा जा रहे थे। इसी दौरान समलाया मंदिर के पास गोलू पठान, राज बंगाला समेत कुछ युवकों ने उनकी स्कूटी रोक ली।

आरोप है कि युवकों ने उनसे पैसों की मांग की। अभिरत ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उन्हें घेरकर मारपीट शुरू कर दी। शिकायत के अनुसार, इस दौरान उनकी जेब से ₹2500 भी निकाल लिए गए। अभिरत का आरोप है कि शिकायत करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।

CCTV में कैद हुई मारपीट

मारपीट की घटना आसपास लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में स्कूटी रुकने के बाद कई युवक अभिरत को घेरते नजर आ रहे हैं। इसके बाद उनके साथ झूमाझटकी और मारपीट की जाती है। अभिरत किसी तरह वहां से स्कूटी लेकर निकल जाते हैं।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

मामले में कोतवाली पुलिस ने गोलू पठान, राज बंगाला सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296, 351(3), 115(2), 191(2), 119(1) और 324(2) के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं और उनकी तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts