रायपुर, 29 जुलाई 2026

गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय रायगढ़ जिले के ग्राम कोसमनारा स्थित प्रसिद्ध श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा धाम पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। इस अवसर पर वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व गुरुओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पावन अवसर है। उन्होंने कहा कि गुरुजनों का आशीर्वाद जीवन को सही दिशा देने के साथ आत्मबल और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है।

उन्होंने कहा कि कोसमनारा स्थित श्री सत्यनारायण बाबा धाम प्रदेश के श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा श्रद्धालुओं को मानसिक शांति और आत्मबल प्रदान करती है। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर इस पवित्र धाम में पूजा-अर्चना करना उनके लिए सौभाग्य का विषय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गुरुजनों के आशीर्वाद और जनता के विश्वास के साथ जनकल्याण एवं विकास के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ रही है। सरकार का प्रयास है कि विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और छत्तीसगढ़ निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे।

इस अवसर पर नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, प्रशासनिक अधिकारी तथा अन्य गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts