रायपुर, 29 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश में औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसर बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए चार नए औद्योगिक पार्क (मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर) विकसित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में आयोजित उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की राज्य स्तरीय समिति की बैठक में इस प्रस्ताव को औपचारिक स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक में प्रदेश के चार जिलों में नए मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर स्थापित करने के प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई। स्वीकृत प्रस्तावों के अनुसार राजनांदगांव जिले में स्पेशल मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर, पटेवा (धमतरी), धूम्रपाली (जांजगीर-चांपा) और नियानार (बस्तर) में मल्टी सेक्टर मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर विकसित किए जाएंगे।

यह पहल केंद्र सरकार की भारत औद्योगिक योजना और छत्तीसगढ़ सरकार की औद्योगिक विकास नीति के तहत लागू की जा रही है। योजना का उद्देश्य प्रदेश में निवेश आकर्षित करना, औद्योगिक अधोसंरचना को मजबूत करना और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाना है।

बैठक में वित्त विभाग, आवास एवं पर्यावरण विभाग, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग, ऊर्जा विभाग तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारी मौजूद रहे। समिति ने औद्योगिक परियोजनाओं को समयबद्ध मंजूरी और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts