रायपुर,29 जुलाई 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय मंगलवार को खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ के पहले स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव के समापन सत्र में शामिल हुए। राजधानी रायपुर के एक निजी होटल में आयोजित इस कॉन्क्लेव में उन्होंने खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में राज्य के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ियों और टीमों को प्रोत्साहन राशि वितरित की। इस अवसर पर देशभर से आए खेल प्रशासकों, नीति निर्माताओं, स्पोर्ट्स साइंटिस्ट्स, विशेषज्ञों, खिलाड़ियों और खेल संघों के पदाधिकारियों ने राज्य में खेल प्रतिभाओं के विकास, प्रशिक्षण और आधुनिक खेल अधोसंरचना को लेकर मंथन किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव में हुए विचार-विमर्श से राज्य में खेलों के विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य से उत्कृष्ट खेल मिशन के तहत इस वर्ष के बजट में 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है, जिससे खेल अधोसंरचना को और मजबूत बनाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि सरकार ने हाल ही में प्रदेश के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची को मंजूरी दी है। इन खिलाड़ियों को भविष्य में सरकारी नौकरियों में लाभ प्रदान किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की खेल प्रतिभाओं को उचित अवसर और संसाधन उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर ओलंपिक, सरगुजा ओलंपिक और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स जैसे आयोजनों ने प्रदेश के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच दिया है। उन्होंने बताया कि बस्तर ओलंपिक में लगभग चार लाख और सरगुजा ओलंपिक में साढ़े तीन लाख खिलाड़ियों ने भागीदारी की, जो राज्य में खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह का प्रमाण है।

उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि यह कॉन्क्लेव छत्तीसगढ़ को खेलों के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों से प्राप्त सुझावों के आधार पर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी और उसे प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियां मजबूत खिलाड़ियों को तैयार करने के लिए अनुकूल हैं और सरकार प्राथमिक स्तर से ही खेल प्रतिभाओं की पहचान एवं प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दे रही है।

इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव श्री यशवंत कुमार, संचालक श्रीमती तनुजा सलाम, ओलंपियन जिन्सन जॉनसन, डॉ. रत्नेश सिंह, विक्रम सिसोदिया, रोनक कोठारी, डॉ. पियूष जैन, मयंक श्रीवास्तव, पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर राजेश चौहान सहित प्रदेशभर के खिलाड़ी, प्रशिक्षक, खेल अधिकारी और खेल संघों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

11 खिलाड़ियों और 3 टीमों को मिली प्रोत्साहन राशि

समापन समारोह में मुख्यमंत्री ने खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 11 खिलाड़ियों और 3 टीमों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ ने प्रतियोगिता में 3 स्वर्ण, 10 रजत और 6 कांस्य सहित कुल 19 पदक जीतकर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।

निकिता ने भारोत्तोलन में स्वर्ण पदक जीता, जबकि रिषिका कश्यप, अनुष्का भगत, लक्ष्मण सोढ़ी, अभिषेक, डमरू कुमार, गजेंद्र ठाकुर और तिलक बारसे ने रजत पदक अपने नाम किए। वहीं मनीष कुमार, निखिल खलको और लक्की बाबू ने कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।

मुख्यमंत्री ने स्वर्ण पदक विजेता को ₹2 लाख, रजत पदक विजेताओं को ₹1.50 लाख तथा कांस्य पदक विजेताओं को ₹1 लाख की प्रोत्साहन राशि प्रदान की। इसके अलावा महिला फुटबॉल टीम को ₹22 लाख, पुरुष फुटबॉल टीम को ₹16.50 लाख तथा पुरुष हॉकी टीम को ₹9 लाख की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts