रायपुर,28 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ के सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने प्रदेश में सहकारिता आंदोलन को नई गति देने और बैंकिंग सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। नवा रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में आयोजित इस बैठक में छत्तीसगढ़ अपैक्स बैंक एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के अध्यक्षों और वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के विस्तार, सहकारी बैंकों की कार्यप्रणाली में सुधार और किसानों को पारदर्शी, आधुनिक एवं बेहतर बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विस्तृत चर्चा हुई। मंत्री केदार कश्यप ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर और पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचाया जाए।
समीक्षा के दौरान सहकारी संस्थाओं को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाने के लिए विभिन्न सुझावों पर भी विचार-विमर्श किया गया। साथ ही बैंकिंग सेवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़कर ग्रामीण क्षेत्रों में उनकी पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया गया।
सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सहकारिता व्यवस्था ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, इसलिए इसे मजबूत करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने अपैक्स बैंक और जिला सहकारी बैंकों के अध्यक्षों, पदाधिकारियों एवं अधिकारियों से बेहतर समन्वय और सहयोग के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे प्रदेश का सहकारिता क्षेत्र अधिक सशक्त, पारदर्शी और जनहितैषी बन सकेगा।



