नई दिल्ली,28 जुलाई 2026
भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) के विरोध प्रदर्शन में शामिल Gen Z प्रदर्शनकारियों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा की गई पोस्ट में प्रदर्शनकारियों के व्यवहार और भाषा की आलोचना करते हुए उन्हें “Gen G (Generation Gutter)” और “गटर छाप” तक कह दिया।
कंगना रनौत ने कहा कि कुछ प्रदर्शनकारी, विशेषकर युवा महिलाएं, स्वतंत्र जीवन की नकल करना चाहती हैं, लेकिन उसके साथ आने वाली जिम्मेदारियों को निभाने के लिए तैयार नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी आजादी का दिखावा करना उचित नहीं है।
अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में कंगना ने लिखा कि वास्तव में स्वतंत्र महिलाएं अपने फैसले स्वयं लेती हैं, अलग करियर चुनती हैं और अपने निर्णयों की जिम्मेदारी भी उठाती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी आजादी कड़ी मेहनत और आत्मनिर्भरता से हासिल होती है, न कि केवल प्रदर्शन से।
कंगना ने आगे लिखा कि “आजाद जिंदगी कमानी पड़ती है। अगर आप बिना किसी जिम्मेदारी के आजाद जिंदगी जीने की कोशिश करते हैं तो आप सिर्फ बिगड़े हुए इंसान हैं।” उन्होंने कुछ प्रदर्शनकारियों पर ड्रग्स, शराब और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार का भी आरोप लगाया।
इससे पहले भी कंगना रनौत ने CJP के विरोध प्रदर्शन और सोशल मीडिया पर वायरल हो रही प्रदर्शनकारियों की रील्स की आलोचना करते हुए उन्हें “उल्टी लाने वाला” बताया था। उन्होंने प्रदर्शनकारियों की भाषा और व्यवहार पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस तरह का आचरण समाज के लिए चिंताजनक है।
गौरतलब है कि CJP ने हाल ही में जंतर-मंतर पर चल रहे अपने 36 दिन पुराने आंदोलन को समाप्त करने की घोषणा की थी। संगठन का कहना था कि सरकार द्वारा उनकी प्रमुख मांगें स्वीकार किए जाने के बाद विरोध प्रदर्शन समाप्त किया गया।



