नई दिल्ली,24 जुलाई 2026
NEET UG पेपर लीक विवाद के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आधी रात छात्रों के नाम वीडियो संदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सरकार कड़े प्रावधानों वाला नया कानून लाएगी। प्रस्तावित विधेयक पर शुक्रवार को केंद्रीय कैबिनेट में चर्चा होगी और मंजूरी के बाद इसे मानसून सत्र में संसद में पेश किया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पेपर लीक कोई सामान्य अपराध नहीं, बल्कि लाखों छात्रों और उनके परिवारों के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता रही कि किसी भी छात्र का एक शैक्षणिक वर्ष बर्बाद न हो, इसलिए कम समय में करीब 22 लाख विद्यार्थियों की परीक्षा दोबारा आयोजित कराई गई और परिणाम भी जारी किए गए।
पीएम मोदी ने बताया कि प्रस्तावित कानून में फास्ट ट्रैक कोर्ट, कड़ी सजा और दोषियों के खिलाफ तेज कानूनी कार्रवाई जैसे प्रावधान शामिल किए गए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए सरकार हर आवश्यक कदम उठाएगी।
उन्होंने कहा कि CBI द्वारा मामले की जांच जारी है और अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सरकार का उद्देश्य छात्रों का विश्वास बहाल करना और भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाना है।



