रायपुर, 11 जुलाई 2026
राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) ने भूजल के उपयोग और जल संरक्षण नियमों के पालन में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम सहित देश के तीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियमों में खेल गतिविधियों पर अंतरिम रोक लगा दी है। अब NGT की अनुमति के बिना इन स्टेडियमों में कोई भी खेल आयोजन नहीं कराया जा सकेगा।
NGT के आदेश की जद में रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, मुंबई का डॉ. डी.वाई. पाटिल स्टेडियम और जयपुर का सवाई मानसिंह स्टेडियम शामिल हैं। मामले की अगली सुनवाई 17 अगस्त को निर्धारित की गई है।
अधिकरण ने कहा कि देश के कई हिस्सों में गंभीर जल संकट बना हुआ है। ऐसे में बड़े खेल परिसरों की जिम्मेदारी है कि वे जल संरक्षण, रेन वॉटर हार्वेस्टिंग और पानी के पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) जैसी व्यवस्थाओं का प्रभावी ढंग से पालन करें। इन व्यवस्थाओं के पर्याप्त रूप से विकसित नहीं होने पर भी NGT ने नाराजगी जताई है।
केंद्रीय भूजल प्राधिकरण (CGWA) और NGT की ओर से कई बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद संबंधित स्टेडियमों ने समय पर जवाब प्रस्तुत नहीं किया। इसी कारण अधिकरण ने इनके खिलाफ अंतरिम प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया।
गौरतलब है कि अप्रैल 2026 में NGT ने देश के छह प्रमुख क्रिकेट स्टेडियमों से मैदान और पिचों के रखरखाव में उपयोग होने वाले पानी के स्रोत और जल प्रबंधन व्यवस्था की जानकारी मांगी थी। इनमें रायपुर, नई दिल्ली का अरुण जेटली स्टेडियम, लखनऊ का भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम, कटक का बाराबती स्टेडियम, जयपुर का सवाई मानसिंह स्टेडियम और मुंबई का डॉ. डी.वाई. पाटिल स्टेडियम शामिल थे।
इनमें अरुण जेटली स्टेडियम और इकाना स्टेडियम अपना जवाब दाखिल कर चुके हैं, जबकि बाराबती स्टेडियम ने जवाब देने के लिए अतिरिक्त समय मांगा है। वहीं रायपुर, जयपुर और मुंबई के स्टेडियमों द्वारा जवाब नहीं दिए जाने पर NGT ने यह अंतरिम कार्रवाई की है।
