स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां शुरू: मुख्य सचिव विकासशील ने ली उच्च स्तरीय बैठक, 15 अगस्त समारोह की जिम्मेदारियां तय

स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां शुरू: मुख्य सचिव विकासशील ने ली उच्च स्तरीय बैठक, 15 अगस्त समारोह की जिम्मेदारियां तय

रायपुर, 11 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में शुक्रवार को मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में 15 अगस्त के राज्य स्तरीय समारोह की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए समयबद्ध तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन 15 अगस्त को सुबह 9 बजे रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में होगा। समारोह में भव्य परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य आकर्षक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी।

परेड की तैयारियों और रिहर्सल की जिम्मेदारी पुलिस उप महानिरीक्षक, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल को सौंपी गई है, जो पुलिस महानिदेशक के मार्गदर्शन में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे। वहीं यातायात, पार्किंग, ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस महानिरीक्षक रायपुर निभाएंगे।

नगर पालिक निगम रायपुर को कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, मंच, पंडाल और बैठक व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं स्कूल शिक्षा विभाग और संस्कृति विभाग स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का चयन करेंगे, जबकि रिहर्सल और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी कलेक्टर रायपुर गौरव कुमार सिंह के पास रहेगी।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 7 अगस्त से 15 अगस्त तक सभी शासकीय कार्यक्रमों में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया जाएगा। इसके लिए संस्कृति विभाग जल्द ही विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करेगा।

इसके अलावा जिला एवं तहसील स्तर पर आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोहों के संबंध में भी सामान्य प्रशासन विभाग शीघ्र आवश्यक निर्देश जारी करेगा।

बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव शहला निगार, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव रजत कुमार, कृषि विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, कलेक्टर रायपुर गौरव कुमार सिंह, गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *