रायपुर, 2 जुलाई 2026
कबीरधाम जिले के गंडईखुर्द से विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण (वीबी-जी राम जी) योजना का राज्य स्तरीय शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं योजना का राष्ट्रीय शुभारंभ केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तिरुपति से किया।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने योजना के तहत प्रदेश के पहले विकास कार्य के रूप में ग्राम पंचायत गंडईखुर्द में शेड निर्माण के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल रोजगार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि विकसित गांव से विकसित भारत के निर्माण का अभियान है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ के लिए 3,300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, जिससे विभिन्न विकास कार्यों को गति मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि योजना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि देश का कोई भी गरीब काम के अभाव में बेरोजगार न रहे। उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से ग्रामीण मजदूरों को 125 दिनों का रोजगार मिलेगा और गांवों में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
योजना के तहत मनरेगा में ग्रामीण परिवारों को अब 125 दिनों का रोजगार मिलेगा, जबकि अकुशल श्रमिकों की दैनिक मजदूरी 261 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये प्रतिदिन कर दी गई है।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि योजना में 318 प्रकार के विकास कार्य शामिल किए गए हैं। इनमें 107 जल संरक्षण, 90 ग्रामीण अधोसंरचना, 86 आजीविका संवर्धन तथा 35 आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्य शामिल हैं। इसके अलावा डबरी, चेकडैम, रिचार्ज पिट, वर्षा जल संचयन, नहर लाइनिंग, ग्रामीण सड़क, मुरमीकरण, सामुदायिक पशु शेड, कोल्ड स्टोरेज, कृषि प्रसंस्करण केंद्र और हैंडलूम प्रोसेसिंग केंद्र जैसे कार्य भी कराए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि अब जॉब कार्ड की जगह जीआरजी कार्ड जारी किया जाएगा। साथ ही गांवों को ए, बी और सी श्रेणी में विभाजित कर योजनाबद्ध विकास किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान मानव श्रृंखला बनाकर योजना का संदेश दिया गया। इसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्व-सहायता समूह की महिलाओं, युवाओं और ग्रामीणों ने भाग लेकर ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृहद पौधरोपण भी किया गया। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, पंडरिया विधायक भावना बोहरा सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
