छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों को 104.54 करोड़ की बड़ी सौगात, महापौर, अध्यक्ष और पार्षद निधि जारी

छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों को 104.54 करोड़ की बड़ी सौगात, महापौर, अध्यक्ष और पार्षद निधि जारी

रायपुर, 1 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने राज्य के नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों को महापौर निधि, अध्यक्ष निधि और पार्षद निधि के रूप में 104 करोड़ 54 लाख 25 हजार रुपए जारी किए हैं। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद यह राशि जारी की गई है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सभी नगरीय निकायों को निर्देश दिए हैं कि वे इन निधियों का पारदर्शी एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करें, ताकि शहरी क्षेत्रों में मूलभूत विकास कार्यों को गति मिले और आम नागरिकों तक शासन की योजनाओं का समुचित लाभ पहुंच सके।

वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए महापौर निधि और अध्यक्ष निधि की 50 प्रतिशत प्रथम किस्त के रूप में कुल 31 करोड़ 16 लाख 25 हजार रुपए जारी किए गए हैं। वहीं पार्षद निधि की प्रथम किस्त के रूप में 73 करोड़ 38 लाख रुपए उपलब्ध कराए गए हैं।

विभाग द्वारा जारी राशि के अनुसार 14 नगर निगमों को महापौर निधि के तहत 10 करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपए, 57 नगर पालिकाओं को अध्यक्ष निधि के रूप में 11 करोड़ 6 लाख 25 हजार रुपए तथा 121 नगर पंचायतों को 9 करोड़ 97 लाख 50 हजार रुपए प्रदान किए गए हैं।

इसी प्रकार पार्षद निधि की प्रथम किस्त के रूप में नगर निगमों को 21 करोड़ 84 लाख रुपए, नगर पालिकाओं को 24 करोड़ 34 लाख 50 हजार रुपए तथा नगर पंचायतों को 27 करोड़ 19 लाख 50 हजार रुपए जारी किए गए हैं। इस राशि से विभिन्न नगरीय निकायों में सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *