छत्तीसगढ़ में ISI से जुड़े संदिग्ध स्लीपर सेल का सदस्य गिरफ्तार, डिजिटल सबूत बरामद

छत्तीसगढ़ में ISI से जुड़े संदिग्ध स्लीपर सेल का सदस्य गिरफ्तार, डिजिटल सबूत बरामद

जांजगीर-चांपा, 21 जून 2026

छत्तीसगढ़ के अकलतरा क्षेत्र में पुलिस ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक गंभीर मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध पाकिस्तान समर्थित स्लीपर सेल सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से ISI नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य बरामद हुए हैं।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सेवक सिंह (23 वर्ष), पिता बलविंदर सिंह, निवासी तरन तारण, पंजाब के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अकलतरा में किराये के मकान में रह रहा था और स्थानीय गतिविधियों से संबंधित संवेदनशील जानकारियां जुटा रहा था।

पुलिस जांच में आरोपी के मोबाइल फोन से व्हाट्सऐप चैट, वीडियो कॉल रिकॉर्ड, कॉल रिकॉर्डिंग समेत कई डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। जांच एजेंसियों को आरोपी के पाकिस्तान, सऊदी अरब और मैक्सिको के अंतरराष्ट्रीय नंबरों से संपर्क के संकेत भी मिले हैं।

पुलिस के मुताबिक आरोपी छत्तीसगढ़ के महत्वपूर्ण व्यक्तियों, संवेदनशील स्थलों, वाहनों की जानकारी, लोकेशन और फोटो-वीडियो विदेश भेजता था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि उसे कथित रूप से टारगेट किलिंग जैसी गतिविधियों के लिए निर्देश दिए गए थे तथा ड्रोन के माध्यम से हथियार पहुंचाने की योजना पर भी काम चल रहा था।

मामले का खुलासा पुलिस के किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान हुआ। संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जब्त मोबाइल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।

अधिकारियों के अनुसार यह मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा बेहद संवेदनशील प्रकरण है। जांच एजेंसियां आरोपी के संपर्क तंत्र, गतिविधियों और संभावित नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई हैं।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *