रायपुर, 18 जून 2026
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर प्रदेश में विद्युत अधोसंरचना को मजबूत बनाने की दिशा में जशपुर जिले के कुनकुरी क्षेत्र को महत्वपूर्ण सौगात मिली है। 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र में पुराने 3.15 एमवीए ट्रांसफार्मर के स्थान पर 5 एमवीए क्षमता का नया पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर सफलतापूर्वक चालू कर दिया गया है।
इसके साथ ही नगर क्षेत्र के लिए अतिरिक्त 11 केवी फीडर का निर्माण कार्य पूरा कर विद्युत प्रवाह भी शुरू कर दिया गया है। इससे क्षेत्र में बढ़ती बिजली मांग को पूरा करने और विद्युत भार के बेहतर वितरण में मदद मिलेगी।

तकनीकी तैयारियों के बाद हुआ उन्नयन कार्य
नए ट्रांसफार्मर की स्थापना के लिए विभाग द्वारा व्यापक तकनीकी तैयारियां की गईं। आवश्यक स्थान उपलब्ध कराने हेतु डीपी स्थानांतरित किए गए, नियंत्रण कक्ष हटाया गया और पुराने ट्रांसफार्मर प्लिंथ का सुदृढ़ीकरण किया गया। सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ट्रांसफार्मर प्रतिस्थापन का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
उपभोक्ताओं को मिलेगी निर्बाध बिजली
विद्युत विभाग के अधिकारियों के अनुसार ट्रांसफार्मर क्षमता बढ़ने से क्षेत्र की बढ़ती मांग को पूरा करने में सहायता मिलेगी। वहीं नए फीडर के संचालन से ओवरलोडिंग की समस्या कम होगी और उपभोक्ताओं को अधिक सुचारू तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध हो सकेगी।
क्षेत्रीय विकास को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर किए गए इस उन्नयन कार्य को क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। स्थानीय नागरिकों और बिजली उपभोक्ताओं ने इस कदम का स्वागत करते हुए इसे कुनकुरी की विद्युत व्यवस्था को सशक्त बनाने वाला महत्वपूर्ण निर्णय बताया है।


