नारायणपुर, 15 जून 2026

शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर पालिका ने सोमवार को बड़ा अभियान चलाया। जय स्तंभ चौक क्षेत्र में अवैध निर्माण हटाने पहुंची टीम को उस समय विरोध का सामना करना पड़ा, जब एक महिला जेसीबी मशीन के सामने लेट गई और कार्रवाई रोकने की कोशिश करने लगी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

जानकारी के अनुसार, नगर पालिका और पुलिस की संयुक्त टीम फुटकर व्यवसायियों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाने पहुंची थी। कार्रवाई शुरू होते ही कुछ लोगों ने विरोध जताना शुरू कर दिया। इसी दौरान एक महिला ने जेसीबी के सामने लेटकर प्रशासनिक कार्रवाई को रोकने का प्रयास किया।

महिला का आरोप था कि शहर के कई अन्य इलाकों में भी अतिक्रमण मौजूद है, लेकिन प्रशासन केवल चुनिंदा लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। विरोध के चलते कुछ समय के लिए अभियान बाधित रहा, हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।

महिला को मौके से हटाने के बाद नगर पालिका ने दोबारा कार्रवाई शुरू की। अभियान के तहत सात दुकानों और अस्थायी संरचनाओं को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग और पुलिस बल की टीम भी मौजूद रही, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

इस संबंध में नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) ने बताया कि अतिक्रमण हटाने से पहले संबंधित लोगों को नोटिस जारी किया गया था। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर नियमानुसार यह कार्रवाई की गई।

प्रशासन का कहना है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts