जांजगीर-चांपा, 14 जून 2026

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ विकासखंड स्थित ग्राम पोंड़ी (राछा) में आयोजित कार्यक्रम में जिलेवासियों को विकास की बड़ी सौगात दी। उन्होंने 295 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 341 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।

इनमें 70.10 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 159 कार्यों का लोकार्पण तथा 224.90 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 182 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। इन परियोजनाओं से सड़क, पेयजल, सिंचाई, स्वास्थ्य, नगरीय अधोसंरचना और ग्रामीण विकास से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार होगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विधिविधान से पूजा-अर्चना कर विकास कार्यों का भूमिपूजन किया और बटन दबाकर पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि यह दिन जांजगीर-चांपा जिले के लिए ऐतिहासिक है और इन विकास कार्यों से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र के संतुलित और समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क, पेयजल, सिंचाई, स्वास्थ्य और अधोसंरचना से जुड़े कार्यों के माध्यम से आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से जिले में विकास की नई संभावनाएं पैदा होंगी और लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि विकास कार्य केवल निर्माण नहीं होते, बल्कि लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनते हैं। राज्य सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है और इसी सोच के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।

मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पित और भूमिपूजित कार्यों में जल संसाधन विभाग, लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, सीजीएमएससी, नगरीय प्रशासन विभाग, वन विभाग तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के विभिन्न विकास कार्य शामिल हैं।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, सांसद कमलेश जांगड़े, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts