रायपुर, 14 नवंबर 2026
समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का कल्याण ही विकसित भारत के निर्माण का आधार बनेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेहनतकश लोगों की परेशानियों को समझते हुए पीएम स्वनिधि योजना शुरू की, जिससे छोटे कारोबारियों को साहूकारों पर निर्भरता से मुक्ति मिली और उन्हें बैंकिंग व्यवस्था से जुड़कर अपना व्यवसाय आगे बढ़ाने का अवसर मिला। यह बात उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव ने राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित स्वनिधि महोत्सव में कही।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) द्वारा आयोजित इस महोत्सव में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पथ विक्रेताओं से सीधे संवाद किया और उनके व्यवसाय, परिवार तथा पीएम स्वनिधि योजना से जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों को चेक, यूपीआई पेमेंट बॉक्स और प्रशस्ति पत्र वितरित किए। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बैंकों, बैंक शाखाओं और नगरीय निकायों को सम्मानित किया गया।
कोरोना संकट में छोटे कारोबारियों की चिंता कर शुरू की गई योजना
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरकार की योजनाओं में नेतृत्व करने वाले व्यक्ति की सोच और संवेदनशीलता दिखाई देती है। कोरोना महामारी के भयावह दौर में जब सड़कें सूनी थीं, कारोबार बंद हो गए थे और लोगों के सामने रोजगार तथा परिवार चलाने का संकट खड़ा हो गया था, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सड़क किनारे छोटे-मोटे कारोबार करने वाले लोगों की चिंता की।
उन्होंने जून 2020 में पीएम स्वनिधि योजना शुरू की, ताकि पथ विक्रेताओं को दोबारा अपना कारोबार खड़ा करने के लिए आर्थिक सहायता मिल सके। इस योजना ने छोटे कारोबारियों को बैंकों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है।
रेहड़ी-ठेले का कारोबार छोटा नहीं, शहर की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा
उप मुख्यमंत्री ने पथ विक्रेताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि वे अपने काम को कभी छोटा न समझें। रेहड़ी, ठेले और सड़क किनारे दुकान लगाकर आजीविका चलाने वाले लोग शहर और प्रदेश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनकी मेहनत से न केवल परिवारों का पालन-पोषण होता है, बल्कि शहरों की रोजमर्रा की जरूरतें भी पूरी होती हैं।
उन्होंने लाभार्थियों से अपने कारोबार को लगातार आगे बढ़ाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। श्री साव ने कहा कि प्रत्येक हितग्राही का लक्ष्य योजना के तीसरे चरण तक पहुंचकर 50 हजार रुपये का ऋण प्राप्त करना और अपने व्यवसाय का विस्तार करना होना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले स्वनिधि महोत्सव में ऐसे कारोबारी बड़ी संख्या में शामिल होंगे, जिन्होंने तीसरे चरण का ऋण प्राप्त कर लिया होगा और जिनके पास यूपीआई क्रेडिट कार्ड भी होगा।
रायपुर में 53 हजार पथ विक्रेताओं को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य
कार्यक्रम में सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना के तहत जरूरतमंद पथ विक्रेताओं को बिना गारंटर के ऋण उपलब्ध कराया जाता है। समय पर ऋण की किस्त चुकाने वाले हितग्राहियों को 7 प्रतिशत ब्याज अनुदान भी मिलता है। यह योजना आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे ने बताया कि वर्ष 2030 तक शहर के 53 हजार स्ट्रीट वेंडर्स को योजना का लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक रायपुर में 33 हजार से अधिक पथ विक्रेताओं को इसका लाभ दिया जा चुका है। उन्होंने महिला उद्यमियों से भी योजना का लाभ लेकर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने और आर्थिक रूप से सशक्त बनने की अपील की।
छत्तीसगढ़ में 1.23 लाख से अधिक पथ विक्रेता ले रहे योजना का लाभ
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने योजना के उद्देश्यों और प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ में एक लाख 23 हजार से अधिक पथ विक्रेता पीएम स्वनिधि योजना का लाभ लेकर आत्मनिर्भरता के साथ राज्य और देश की अर्थव्यवस्था में योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने नगरीय निकायों और बैंकों से संवेदनशीलता के साथ अधिक से अधिक स्ट्रीट वेंडर्स तक योजना का लाभ पहुंचाने और उन्हें वित्तीय एवं तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने की अपील की।
वित्तीय साक्षरता और डिजिटल भुगतान की दी गई जानकारी
स्वनिधि महोत्सव की थीम ‘उत्कृष्टता की ओर बढ़ते कदम’ रखी गई थी। कार्यक्रम में पथ विक्रेताओं को वित्तीय साक्षरता, बैंकिंग सुविधाओं और डिजिटल भुगतान के तरीकों की जानकारी दी गई। इसके अलावा ऑडिटोरियम परिसर में स्ट्रीट वेंडर्स द्वारा लगाए गए फूड स्टॉल, प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाई गई।
कार्यक्रम में सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक मोतीलाल साहू और पुरंदर मिश्रा, रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौर सहित नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक नीलेशकुमार क्षीरसागर, सूडा के सीईओ सुमीत अग्रवाल, रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, पार्षदगण, विभिन्न नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि, अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थी उपस्थित रहे।



