रायपुर,13 नवम्बर 2026
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 14 नवंबर को स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव शामिल होंगे। वे प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत स्वरोजगार कर रहे पथ विक्रेताओं से सीधा संवाद करेंगे और उनके अनुभव जानेंगे। इस दौरान लाभार्थियों को चेक, यूपीआई पेमेंट बॉक्स और प्रशस्ति पत्र भी वितरित किए जाएंगे।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) द्वारा प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के अंतर्गत इस महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। ‘उत्कृष्टता की ओर बढ़ते कदम’ थीम पर आयोजित यह कार्यक्रम सुबह 10 बजे से साइंस कॉलेज परिसर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में होगा। महोत्सव का संदेश ‘आत्मनिर्भर भारत, सशक्त शहरी विकास, स्वरोजगार से नई संभावनाएं’ रखा गया है।
अरुण साव करेंगे लाभार्थियों से संवाद और पुरस्कार वितरण
महोत्सव में उप मुख्यमंत्री अरुण साव पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थी पथ विक्रेताओं से मुलाकात कर उनके स्वरोजगार से जुड़े अनुभव जानेंगे। इसके साथ ही योजना के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति, बेहतर प्रदर्शन करने वाले बैंक और उनकी शाखाओं को सम्मानित करेंगे। योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने वाले नगरीय निकायों को भी पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
वित्तीय साक्षरता और डिजिटल भुगतान पर विशेष सत्र
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने बताया कि महोत्सव में वित्तीय समावेशन और वित्तीय साक्षरता को लेकर विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें भारतीय रिजर्व बैंक, विभिन्न बैंकों और राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति के अधिकारी पथ विक्रेताओं को वित्तीय योजनाओं और बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी देंगे।
इसके अलावा डिजिटल पेमेंट एग्रीगेटर्स द्वारा डिजिटल भुगतान अभियान के बारे में बताया जाएगा, ताकि पथ विक्रेता ऑनलाइन लेनदेन को अपनाकर अपने कारोबार को अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित बना सकें।
फूड स्टॉल, प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण
स्वनिधि महोत्सव में पथ विक्रेताओं के लिए फूड स्टॉल, विभिन्न योजनाओं की प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से वित्तीय जागरूकता और डिजिटल भुगतान का संदेश दिया जाएगा।
केदार कश्यप करेंगे अध्यक्षता, सांसद और विधायक भी होंगे शामिल
कार्यक्रम की अध्यक्षता वन एवं जलवायु परिवर्तन तथा रायपुर जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप करेंगे। महोत्सव में सांसद बृजमोहन अग्रवाल और लक्ष्मी वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इसके अलावा विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा और अनुज शर्मा भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे और सभापति सूर्यकांत राठौर भी महोत्सव में शामिल होंगे।
इस आयोजन का उद्देश्य पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने, स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने और उन्हें वित्तीय साक्षरता तथा डिजिटल भुगतान से जोड़कर आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को आगे बढ़ाना है।



