रायपुर, 6 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ के शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों और उनके आश्रित परिजनों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को मंत्रिपरिषद की मंजूरी मिलने पर छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। इस संबंध में फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने आज मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री से सौजन्य मुलाकात की।

फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक श्री कमल वर्मा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने इस निर्णय को प्रदेश के लाखों शासकीय कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए राहत देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को फेडरेशन की ओर से आयोजित किए जाने वाले अभिनंदन समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित भी किया।

लंबे समय से की जा रही थी कैशलेस चिकित्सा सुविधा की मांग

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि प्रदेश के शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा लंबे समय से प्रमुख मांग रही है। मंत्रिपरिषद से मंजूरी मिलने के बाद अब कर्मचारियों और उनके आश्रित परिजनों को स्वास्थ्य उपचार के दौरान बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

फेडरेशन के पदाधिकारियों ने कहा कि विशेष रूप से गंभीर बीमारी और आकस्मिक उपचार की स्थिति में यह सुविधा बेहद उपयोगी साबित होगी। अभी उपचार के लिए कर्मचारियों को पहले बड़ी राशि की व्यवस्था करनी पड़ती है और इसके बाद चिकित्सा प्रतिपूर्ति की प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू होने से इन कठिनाइयों में कमी आएगी।

लाखों शासकीय सेवकों और परिवारों को मिलेगी स्वास्थ्य सुरक्षा

फेडरेशन ने कहा कि इस निर्णय से प्रदेश के लाखों शासकीय सेवकों और उनके आश्रित परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा मिल सकेगी। कर्मचारियों को इलाज के दौरान आर्थिक व्यवस्था की चिंता से राहत मिलेगी। प्रतिनिधिमंडल ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts