रायपुर,6 नवम्बर 2026

त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने शहर की यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। आम नागरिकों और व्यापारियों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए शहर के प्रमुख बाजारों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ड्रोन कैमरों से निगरानी करने के साथ लगातार पेट्रोलिंग भी कर रही है।

सदर बाजार, मालवीय रोड, जय स्तंभ चौक, पंडरी मार्केट, पुरानी बस्ती, भाठागांव और गोल बाजार जैसे व्यस्त इलाकों में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। सड़कों पर बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों को तत्काल हटवाया जा रहा है, ताकि बाजार आने वाले लोगों और व्यापारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर सख्त कार्रवाई

यातायात पुलिस ने नो-पार्किंग जोन और सड़क पर आवागमन बाधित करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध ई-चालान किया जा रहा है। वहीं, क्रेन की मदद से सड़क पर गलत तरीके से खड़े वाहनों को जब्त कर हटाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अब तक 100 से अधिक वाहनों को क्रेन के माध्यम से हटाया जा चुका है।

ड्रोन कैमरों से बाजारों पर रखी जा रही नजर

यातायात प्रबंधन के साथ-साथ कानून व्यवस्था और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर रही है। बाजार क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है। इससे प्रमुख बाजारों की गतिविधियों पर हवाई नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था या सुरक्षा संबंधी स्थिति सामने आने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

यातायात पुलिस ने नागरिकों से की अपील

यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। सड़क पर बनी सफेद पट्टी (व्हाइट लाइन) के भीतर ही वाहन पार्क करें। नो-पार्किंग क्षेत्र और संकरे मार्गों पर वाहन खड़ा करने से बचें, ताकि दूसरे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी न हो।

पुलिस ने नागरिकों से त्योहारी सीजन में सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यातायात नियमों का पालन करने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts