रायपुर, 04 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने की दिशा में राज्य सरकार ने पहल तेज कर दी है। प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविध पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में छत्तीसगढ़ को देश का नया फिल्म हब बनाने, फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने और पर्यटन के विकास पर विस्तार से चर्चा हुई।
प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत को मिलेगा राष्ट्रीय मंच
मुख्य सचिव श्री विकासशील ने कहा कि छत्तीसगढ़ में फिल्म शूटिंग और सिनेमैटिक लोकेशन के लिहाज से अपार संभावनाएं मौजूद हैं। प्रदेश के अनछुए प्राकृतिक स्थल, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविध पर्यटन केंद्र फिल्म निर्माताओं के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकते हैं।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेशभर में फिल्म शूटिंग के लिए उपयुक्त और संभावनाशील नए स्थलों की पहचान की जाए। इन स्थलों को विकसित और प्रोत्साहित करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि देश-विदेश के फिल्म निर्माता छत्तीसगढ़ में शूटिंग के लिए आकर्षित हों।
फिल्म नीति का नवीनीकरण और चित्रोत्पला फिल्म सिटी पर जोर
बैठक में राज्य की मौजूदा फिल्म नीति को अधिक व्यावहारिक और प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही बहुप्रतीक्षित चित्रोत्पला फिल्म सिटी के प्रस्ताव और उसकी संभावनाओं को धरातल पर उतारने को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई।
सरकार का उद्देश्य फिल्म निर्माताओं के लिए शूटिंग से जुड़ी प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी और आकर्षक बनाना है, जिससे अधिक से अधिक प्रोडक्शन हाउस छत्तीसगढ़ में शूटिंग के लिए आगे आएं।
स्थानीय कलाकारों और युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के अवसर
मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश में फिल्म निर्माण गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से पर्यटन के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। फिल्म शूटिंग से स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों, युवाओं और होटल उद्योग को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
फिल्मों के माध्यम से छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों, लोककला, संस्कृति और परंपराओं को व्यापक पहचान मिलेगी। इससे प्रदेश में पर्यटकों की संख्या बढ़ने के साथ स्थानीय व्यवसायों को भी प्रोत्साहन मिलने की संभावना है।
फूड प्रोसेसिंग और तकनीकी प्रशिक्षण पर भी हुई चर्चा
बैठक में फिल्म पर्यटन के अलावा निफ्टेम के प्रस्तावित भ्रमण तथा खाद्य प्रसंस्करण (फूड प्रोसेसिंग) क्षेत्र में तकनीकी सुविधाओं और प्रशिक्षण के विस्तार से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा की गई। इन पहलों के माध्यम से प्रदेश में कौशल विकास और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
बैठक में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस उच्चस्तरीय बैठक में सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव श्री रजत कुमार, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव श्री अमित कटारिया, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ की प्रबंध संचालक श्रीमती संजीता गुप्ता तथा वाणिज्य एवं उद्योग विभाग की उप सचिव श्रीमती आकांक्षा शिक्षा खलखो सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ को फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की यह पहल प्रदेश की प्राकृतिक और सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई देने के साथ पर्यटन, निवेश और स्थानीय रोजगार के लिए नए अवसर तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।



