रायपुर, 14 अक्टूबर 2026

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल से जशपुर जिले में आवासीय विकास को नई गति मिलने जा रही है। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल की अटल विहार योजना के अंतर्गत कुनकुरी के ग्राम गिनाबहार और जशपुर नगर के ग्राम बालाछापर में दो आधुनिक आवासीय कॉलोनियां विकसित की जाएंगी। इन परियोजनाओं पर कुल 51 करोड़ 48 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे, जिसके तहत विभिन्न आय वर्गों के लिए 225 आवासों का निर्माण प्रस्तावित है।

मुख्यमंत्री श्री साय के मार्गदर्शन और आवास एवं पर्यावरण मंत्री तथा जशपुर जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी के विशेष प्रयासों से इन परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। इन कॉलोनियों में आधुनिक अधोसंरचना, व्यवस्थित सड़कें, हरित क्षेत्र, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसका उद्देश्य आम नागरिकों को किफायती, सुरक्षित और सुविधायुक्त आवास उपलब्ध कराना है।

कुनकुरी के गिनाबहार में 97 आवासों का होगा निर्माण

अटल विहार योजना के तहत कुनकुरी विकासखंड के ग्राम गिनाबहार में लगभग 7 एकड़ भूमि पर आधुनिक आवासीय कॉलोनी विकसित की जाएगी। इस परियोजना के लिए 17 करोड़ 15 लाख 71 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। यहां कुल 97 आवास बनाए जाएंगे, जिनमें 91 आवास आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) और निम्न आय वर्ग (LIG) के परिवारों के लिए निर्धारित हैं।

इस परियोजना के लिए राज्य शासन ने मंडल को मात्र एक रुपये प्रति वर्गफुट की दर से भूमि उपलब्ध कराई है। इसके साथ ही पात्र हितग्राहियों को आवास खरीदने में आर्थिक सहायता भी दी जाएगी। योजना के तहत EWS हितग्राहियों को 80 हजार रुपये और LIG हितग्राहियों को 40 हजार रुपये का अनुदान मिलेगा।

कुनकुरी-बगीचा मार्ग पर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 43 से लगभग दो किलोमीटर की दूरी पर विकसित होने वाली इस कॉलोनी में आंतरिक सड़कें, सुरक्षा व्यवस्था, जल निकासी और हरित वातावरण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

जशपुर के बालाछापर में 128 आवासों के साथ बनेंगी व्यावसायिक दुकानें

जशपुर नगर के ग्राम बालाछापर में लगभग 7 एकड़ भूमि पर दूसरी आधुनिक आवासीय कॉलोनी विकसित की जाएगी। इसके लिए 34 करोड़ 32 लाख 25 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। परियोजना के तहत विभिन्न आय वर्गों के लिए कुल 128 आवासों के साथ व्यावसायिक दुकानों का निर्माण भी प्रस्तावित है।

इनमें उच्च आय वर्ग (HIG) के 11, मध्यम आय वर्ग (MIG) के 20, जूनियर मध्यम आय वर्ग के 4, निम्न आय वर्ग (LIG) के 55 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के 38 आवास शामिल हैं।

बालाछापर की यह कॉलोनी रायगढ़ रोड स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 43 से लगभग 200 मीटर की दूरी पर विकसित होगी। इसे आधुनिक कवर्ड कैंपस के रूप में तैयार किया जाएगा। यहां बस स्टॉप, सामुदायिक भवन, बॉक्स क्रिकेट, आकर्षक गार्डन, बच्चों के लिए प्ले एरिया और व्यावसायिक दुकानें जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।

33 जिलों में आवासीय सुविधाओं के विस्तार पर जोर

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार जिला मुख्यालयों, छोटे शहरों और विकासखंड स्तर तक आधुनिक आवासीय सुविधाओं का विस्तार करने पर जोर दे रही है। सरकार का लक्ष्य है कि आवासीय विकास केवल बड़े शहरों तक सीमित न रहे, बल्कि जरूरतमंद परिवारों को भी बेहतर आवासीय वातावरण मिल सके।

आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी के निर्देशों के अनुरूप छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा आवासीय परियोजनाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता, समयबद्ध निर्माण और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।

मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने बताया कि प्रदेश में किफायती और गुणवत्तापूर्ण आवासीय योजनाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मंडल का उद्देश्य केवल मकान बनाना नहीं, बल्कि नागरिकों को सुरक्षित और व्यवस्थित आवासीय परिसर उपलब्ध कराना है, जहां दैनिक जरूरतों की आवश्यक सुविधाएं भी मौजूद हों।

महुआटोली, कडोरा और पत्थलगांव में भी आवासीय योजनाओं की तैयारी

जशपुर जिले में आवासीय सुविधाओं के विस्तार के लिए महुआटोली, कडोरा और पत्थलगांव विकासखंड के ग्राम मदनपुर में भी योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। इन परियोजनाओं से जिले के अन्य क्षेत्रों के नागरिकों को भी किफायती और व्यवस्थित आवास प्राप्त करने के अवसर मिलेंगे।

मंडल के जशपुर स्थित कार्यपालन अभियंता प्रफुल्ल चौरे के अनुसार, पत्थलगांव के ग्राम मदनपुर की आवासीय योजना में बुकिंग जारी है। संबंधित योजनाओं के लिए बुकिंग प्रक्रिया 6 अक्टूबर 2026 से शुरू हुई है और प्रथम चक्र की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।

225 परिवारों को मिलेगा आधुनिक आवास का अवसर

कुनकुरी और जशपुर में लगभग 14 एकड़ भूमि पर विकसित होने वाली दोनों परियोजनाएं जिले में आवासीय अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। अटल विहार योजना के माध्यम से विभिन्न आय वर्गों के परिवारों को उनकी आर्थिक क्षमता के अनुरूप आवास उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में इन परियोजनाओं से जशपुर जिले में सुनियोजित आवासीय विकास को बढ़ावा मिलने के साथ ही आम नागरिकों के अपने घर के सपने को साकार करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts