रायपुर, 10 अक्टूबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के गन्ना किसानों के हित में बड़ा निर्णय लेते हुए शक्कर कारखानों में गन्ने की खरीदी 425 रुपए प्रति क्विंटल की दर से करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्नदाता की खुशहाली ही समृद्ध छत्तीसगढ़ का आधार है और किसानों को उनकी मेहनत का बेहतर प्रतिफल दिलाना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री श्री साय से आज भारतीय किसान संघ छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य भेंट की। प्रतिनिधिमंडल में संगठन मंत्री मनीष शर्मा, महामंत्री नवीन शेष सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य शामिल रहे। इस दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा भी मौजूद रहे।
किसानों से चर्चा के बाद लिया फैसला
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल के साथ प्रदेश के किसानों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान गन्ना उत्पादक किसानों से संबंधित मुद्दा भी प्रमुखता से सामने आया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने किसानों की भावनाओं और हितों को ध्यान में रखते हुए त्वरित पहल करते हुए शक्कर कारखानों में गन्ने की खरीदी 425 रुपए प्रति क्विंटल की दर से करने का निर्णय लिया।
सरकार के निर्णय के अनुसार पेराई सत्र 2025-26 में की गई गन्ने की खरीदी का भुगतान भी बढ़ी हुई दर पर किया जाएगा। इससे पहले खरीदे गए गन्ने पर भी किसानों को संशोधित दर का लाभ मिलेगा।
किसानों की आय बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि लागत कम करने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों के हितों को अपनी नीतियों और निर्णयों के केंद्र में रखा है। किसानों की आवश्यकताओं और समस्याओं के प्रति सरकार संवेदनशील है और किसान हित से जुड़े विषयों पर प्राथमिकता के साथ निर्णय लिए जा रहे हैं।
खेती मजबूत होगी तो गांव और प्रदेश समृद्ध होंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था और ग्रामीण समृद्धि में किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। खेती-किसानी मजबूत होगी तो गांव मजबूत होंगे और गांवों की समृद्धि से ही छत्तीसगढ़ के विकास का रास्ता मजबूत होगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि किसानों को उनकी उपज का उचित और बेहतर मूल्य मिले तथा कृषि उनके लिए सम्मानजनक और लाभकारी आजीविका का मजबूत माध्यम बने।
किसान संघ ने जताया आभार
भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने गन्ना किसानों के हित में लिए गए निर्णय के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इस फैसले से प्रदेश के गन्ना उत्पादक किसानों को आर्थिक लाभ मिलेगा और उन्हें अपनी मेहनत का बेहतर प्रतिफल प्राप्त होगा।



