रायपुर, 25 सितंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुंगेली जिले के ग्राम मदकू में 68 करोड़ 96 लाख 96 हजार रुपये की लागत के 21 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, बिजली, खेल और जनसुविधाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित आंगन मिलन सेवा, रक्तदान एवं नि:शुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर में भी शामिल हुए।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि विकास की गति तेज हो और जनसेवा की पहुंच समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित हो। गांवों में बेहतर सड़क, स्वास्थ्य सुविधाएं, माताओं और बच्चों के लिए पोषण तथा गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जनसेवा के संकल्प को जनभागीदारी से मजबूत करने का माध्यम है। इसके जरिए स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने के साथ समाज में सेवा और सहयोग की भावना को बढ़ावा दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने ई-ऑफिस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और अटल डिजिटल सेवा केंद्रों जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन माध्यमों से शासन को नागरिकों के और करीब लाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
स्वस्थ माता और सुपोषित बच्चा मजबूत समाज की नींव
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण और माताओं के स्वास्थ्य की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। आंगन मिलन कार्यक्रम के माध्यम से परिवार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और स्वास्थ्यकर्मी बच्चों के पोषण, गर्भवती माताओं की देखभाल, एनीमिया, टीकाकरण और स्वच्छता जैसे विषयों पर संवाद कर रहे हैं।
उन्होंने मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि इनके प्रयासों से दूरस्थ गांवों तक स्वास्थ्य और पोषण सेवाएं पहुंच रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की लगभग 68 लाख माताओं-बहनों के खातों में प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता सीधे पहुंच रही है। उन्होंने इसे महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
स्वास्थ्य जांच और रक्तदान के लिए की अपील
मुख्यमंत्री साय ने मेगा स्वास्थ्य शिविर में पहुंचे नागरिकों से स्वास्थ्य जांच का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तचाप, मधुमेह और एनीमिया जैसी बीमारियों की समय पर पहचान होने से उपचार अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकता है।
उन्होंने माताओं-बहनों से परिवार की देखभाल के साथ अपने स्वास्थ्य को भी प्राथमिकता देने का आग्रह किया। वहीं रक्तदान करने वाले सेवाभावियों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्तदान मानवता की बड़ी सेवा है और इससे जरूरतमंद मरीजों को जीवन बचाने में मदद मिलती है।
मदकू द्वीप में बनेगा इको टूरिज्म सेंटर
मुख्यमंत्री साय ने मदकू द्वीप के ऐतिहासिक, धार्मिक और पुरातात्विक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य की समृद्ध विरासत का संरक्षण और उसे नई पीढ़ी से जोड़ना सरकार की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि मदकू द्वीप में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से इसकी पहचान मजबूत होगी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं आजीविका के नए अवसर विकसित होंगे।
ट्रॉमा सेंटर सहित कई बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री साय ने सरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ट्रॉमा सेंटर प्रारंभ करने की घोषणा की। इसके अलावा पिपरडोल और लमती की प्राथमिक शालाओं को मिडिल स्कूल में उन्नत करने की घोषणा की गई।
उन्होंने ताला महोत्सव और मदकू द्वीप उत्सव के आयोजन के लिए 15-15 लाख रुपये देने तथा पथरिया के अवंती बाई लोधी कॉलेज में रानी अवंती बाई लोधी की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने मदकू द्वीप में इको टूरिज्म सेंटर के लिए 75 लाख रुपये, भाटापारा में इनडोर स्टेडियम निर्माण और भाटापारा क्षेत्र के 10 गांवों में प्रत्येक में 10 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण की घोषणा की।
इसके साथ ही मदकू और तुमाढेठा में 33 केवी सब स्टेशन, चंदखुरी की कोर बस्ती में भवन निर्माण के लिए 30 लाख रुपये और मदकू में सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा भी की गई।
68.96 करोड़ के 21 विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम में 34 करोड़ 77 लाख 19 हजार रुपये के पूर्ण कार्यों का लोकार्पण तथा 34 करोड़ 19 लाख 77 हजार रुपये के नए कार्यों का शिलान्यास किया।
लोकार्पित कार्यों में लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत लोरमी विधानसभा क्षेत्र के 20 करोड़ 07 लाख 61 हजार रुपये के आठ कार्य और बिल्हा विधानसभा क्षेत्र का 10 करोड़ 68 लाख 06 हजार रुपये का एक कार्य शामिल है। इसके अलावा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा पुलिस विभाग के कार्यों का भी लोकार्पण किया गया।
शिलान्यास किए गए कार्यों में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के तहत मुंगेली विधानसभा क्षेत्र में 8 करोड़ 04 लाख 63 हजार रुपये का एक कार्य शामिल है। लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत मुंगेली विधानसभा क्षेत्र में 20 करोड़ 88 लाख 29 हजार रुपये के तीन कार्य तथा बिल्हा विधानसभा क्षेत्र में 4 करोड़ 83 लाख 85 हजार रुपये के दो कार्यों की आधारशिला रखी गई। बिल्हा क्षेत्र में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के 43 लाख रुपये के कार्य का भी शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास कार्यों से मुंगेली, लोरमी और बिल्हा विधानसभा क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य अधोसंरचना और जनसुविधाओं का विस्तार होगा।
विकास के साथ विरासत संरक्षण पर जोर
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू ने कहा कि मदकू द्वीप के ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व को सामने लाने में समाजसेवी स्वर्गीय शांताराम सराफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने कहा कि विकास के साथ विरासत का संरक्षण भी आवश्यक है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मदकू द्वीप को छत्तीसगढ़ की प्राचीन विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र बताते हुए कहा कि राज्य सरकार इसके संरक्षण और विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयाल दास बघेल, वाणिज्य एवं उद्योग तथा जिले के प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला, पुन्नूलाल मोहले सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



