रायपुर, 20 सितंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा पारदर्शी, जवाबदेह और संवेदनशील प्रशासन को प्राथमिकता देते हुए आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निराकरण पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में सीएम हेल्पलाइन एवं ग्रामीणों से प्राप्त शिकायतों पर खनिज विभाग ने कार्रवाई करते हुए कोलबिर्रा क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन करते 5 ट्रैक्टर वाहनों को जब्त किया है।
शिकायत मिलते ही मौके पर पहुंची खनिज विभाग की टीम
जिले में अवैध खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए खनिज विभाग द्वारा लगातार निगरानी और जांच अभियान चलाया जा रहा है। कोलबिर्रा क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन की शिकायत मिलने के बाद विभागीय टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच की। इस दौरान रेत का अवैध परिवहन करते पाए गए 5 ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया गया।
जब्त सभी वाहनों को कोटमी चौकी में सुरक्षित रखा गया है। संबंधित वाहन मालिकों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
शिकायतों के निराकरण में प्रशासन की तत्परता
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की गंभीरता से जांच करते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इन निर्देशों के अनुरूप जिले में नागरिकों से प्राप्त शिकायतों पर संबंधित विभागों द्वारा त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
खनिज विभाग द्वारा अवैध खनन एवं परिवहन से जुड़ी शिकायतों पर विशेष निगरानी रखते हुए नियमित जांच की जा रही है। इससे खनिज संपदा के अवैध दोहन पर नियंत्रण के साथ प्रशासनिक व्यवस्था के प्रति नागरिकों का विश्वास मजबूत करने में मदद मिल रही है।
अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान जारी
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। शिकायतों की जांच के साथ संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण और निगरानी की जा रही है, ताकि खनिज संसाधनों के अवैध दोहन को रोका जा सके।
इस कार्रवाई में सहायक खनि अधिकारी आदित्य मानकर एवं खनिज विभाग के स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रशासन की यह कार्रवाई जनशिकायतों के त्वरित निराकरण, कानून के प्रभावी पालन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की दिशा में उठाया गया कदम है।


