रायपुर, 20 सितंबर 2026

छत्तीसगढ़ सरकार के भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा संचालित अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना नारायणपुर जिले के श्रमिक परिवारों के बच्चों के लिए बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य की नई राह खोल रही है। आर्थिक तंगी के कारण जिन प्रतिष्ठित आवासीय स्कूलों में बच्चों को पढ़ाना श्रमिक परिवारों के लिए मुश्किल था, अब वहां उनके मेधावी बच्चों को निःशुल्क आवासीय शिक्षा का अवसर मिल रहा है।

योजना के तहत जिले के पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जा रही है। इससे दूरस्थ और आदिवासी अंचलों के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ अपने सपनों को पूरा करने का अवसर मिल रहा है।

राजमिस्त्री के बेटे का राजकुमार कॉलेज में चयन

ग्राम खरगांव में राजमिस्त्री का काम करने वाले रामधर दुग्गा के बेटे साहिल दुग्गा का चयन रायपुर के प्रतिष्ठित राजकुमार कॉलेज में हुआ है। साहिल के चयन से परिवार में खुशी का माहौल है। रामधर दुग्गा का कहना है कि श्रमिक परिवार के लिए इतने बड़े विद्यालय में बच्चे को पढ़ाने की कल्पना करना आसान नहीं था, लेकिन सरकार की इस योजना ने उनके बेटे की पढ़ाई का रास्ता आसान कर दिया है।

रेजा-कुली की बेटी को DPS राजनांदगांव में मौका

नारायणपुर के जगदीश मंदिर वार्ड की रहने वाली डिगेश्वरी जैन, जो स्वयं रेजा-कुली का काम करती हैं, उनकी बेटी तेजल जैन का चयन दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS), राजनांदगांव में निःशुल्क अध्ययन के लिए हुआ है। बेटी के इस अवसर को लेकर परिवार बेहद उत्साहित है।

इसी तरह ओरछा तहसील के सुदूर ग्राम कुतुल की रेजा-कुली गणेशिया उसेंडी की बेटी दिप्ती उसेंडी और ग्राम बाकुलवाही के दयाल सिंह पात्र की बेटी पूर्वी पात्र का चयन संस्कार द गुरुकुल, बस्तर में हुआ है।

वहीं ग्राम बोरण्ड निवासी बेनु राम राना के पुत्र हिमांशु राना को कृष्णा एजुकेशन सोसायटी, भिलाई में रहकर पढ़ाई करने का अवसर मिला है।

शिक्षा के साथ आत्मविश्वास को भी मिल रही मजबूती

अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना केवल निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आगे बढ़ने का अवसर भी दे रही है। प्रतिष्ठित आवासीय विद्यालयों में पढ़ाई से बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार होने का अवसर मिलेगा।

योजना से लाभान्वित श्रमिक परिवारों ने श्रम विभाग के प्रति आभार जताते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन का धन्यवाद किया है। परिवारों का कहना है कि इस पहल से उनके बच्चों के बेहतर भविष्य का सपना अब साकार होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts