रायपुर,12 सितंबर 2026
राजधानी रायपुर के सदर बाजार इलाके में शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा टल गया। तेज आवाज में DJ बजने के दौरान एक पुरानी और जर्जर इमारत का सामने का हिस्सा अचानक गिर गया। इमारत का हिस्सा गिरते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। एहतियात के तौर पर पुलिस ने कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही रोक दी। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
सहेली ज्वेलर्स के सामने स्थित थी जर्जर इमारत
जानकारी के मुताबिक, यह जर्जर इमारत सहेली ज्वेलर्स के सामने स्थित है। इमारत के नीचे पान की दुकान संचालित होती है। बिल्डिंग का हिस्सा गिरने का आभास होते ही दुकानदार और आसपास मौजूद लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए।
सदर बाजार में दिन के समय बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में देर रात घटना होने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।
CM साय ने जर्जर भवनों को लेकर दिए थे निर्देश
गौरतलब है कि दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दो दिन पहले जर्जर भवनों को लेकर कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक की थी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जर्जर और जोखिमपूर्ण भवनों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा अपने-अपने क्षेत्रों में भवनों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए थे। उन्होंने स्पष्ट किया था कि जांच में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
नगर निगम पहले ही जारी कर चुका था नोटिस
नगर निगम जोन-4 के कमिश्नर के मुताबिक, संबंधित मकान काफी जर्जर स्थिति में था और नगर निगम की ओर से भवन मालिक को पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका था।
हादसे के बाद नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाने का काम शुरू किया। वहीं, आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया।
तेज आवाज में DJ बजाने से पुलिस ने किया मना
पुलिस ने आसपास के लोगों से जर्जर भवन के पास तेज आवाज में DJ या साउंड सिस्टम नहीं बजाने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाने और इलाके को सुरक्षित करने के दौरान किसी अतिरिक्त खतरे से बचने के लिए सावधानी बरती जा रही है।
फिलहाल नगर निगम जोन अध्यक्ष और निगम की टीम मौके पर मौजूद है। क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाने के साथ ही आसपास के इलाके को सुरक्षित करने की कार्रवाई जारी है।



