रायपुर, 11 सितंबर 2026

सक्ती जिले को आज विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिली। ग्राम जेठा में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जिले में 121 करोड़ 70 लाख रुपए से अधिक की लागत के 38 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।

इनमें करीब 79.25 करोड़ रुपए की लागत के 23 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लगभग 42.46 करोड़ रुपए की लागत के 15 विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इन परियोजनाओं से जिले में सड़क संपर्क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, प्रशासनिक व्यवस्था और ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी।

22 किलोमीटर सड़क सहित कई परियोजनाओं का भूमिपूजन

भूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्यों में करीब 25.82 करोड़ रुपए की लागत से देवरघटा, बरतुंगा, तुलसीडीह, अण्डा, चरौदा होते हुए सपिया नहरपार तक 22 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण शामिल है।

इसके अलावा लगभग 15.30 करोड़ रुपए की लागत से छुहीपाली से कटेकोनी बड़े-कर्राखई-ठाकुरपाली होते हुए सेमराडीह तक 12 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण एवं नवीनीकरण कार्य की आधारशिला रखी गई।

वहीं अण्डी-किरकार-जगमहन से सातबहिनिया, नगझर-नवापारा मार्ग और गुरेराडीह किरारी से केसला मुख्य मार्ग सहित अन्य सड़क परियोजनाओं का भी भूमिपूजन किया गया।

शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का होगा विस्तार

कार्यक्रम में शासकीय कन्या महाविद्यालय सक्ती के नवीन भवन, बेदराम शासकीय महाविद्यालय मालखरौदा में अतिरिक्त भवन और नवीन लाइवलीहुड संस्थान भवन का भूमिपूजन किया गया।

स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए विभिन्न ग्रामों में उप स्वास्थ्य केंद्र भवनों और महिलाओं के लिए महतारी सदनों के निर्माण की आधारशिला भी रखी गई।

42 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण

लोकार्पित प्रमुख कार्यों में लगभग 14.35 करोड़ रुपए की लागत से कलमी नहरपार से चिखली, छोटेकोट, बड़ेकोट, सिंघरा होते हुए बेल्हाडीह तक सड़क तथा करीब 11.35 करोड़ रुपए की लागत से देवरघटा से कठरापाली, निमोही, सिंघीतराई, बेनीपाली होते हुए ओड़ेकेरा मुख्य मार्ग तक पुल-पुलिया सहित सड़क निर्माण शामिल है।

इसके अलावा बुंदेली-अड़भार मार्ग का भी लोकार्पण किया गया।

तहसील और पुलिस थाना भवन भी जनता को समर्पित

कार्यक्रम में जल जीवन मिशन के अंतर्गत स्थापित सोलर ड्यूल पंप, चंद्रपुर एवं हसौद के नवीन तहसील कार्यालय भवन, डभरा, चंद्रपुर एवं जैजैपुर के नवीन पुलिस थाना भवन और अड़भार पुलिस चौकी भवन का लोकार्पण किया गया।

इसके साथ ही सुलौनी हाईस्कूल भवन, गोपालपुर प्रशिक्षण भवन और गोबरा में महतारी सदन सहित अन्य विकास कार्य भी जनता को समर्पित किए गए।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts