एंटरटेनमेंट डेस्क,9 सितम्बर 2026

मुंबई/नई दिल्ली। बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल अजय देवगन की ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ का ट्रेलर आखिरकार रिलीज हो गया है। फिल्म को लेकर लंबे समय से दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ था। मेकर्स ने तय कार्यक्रम के मुताबिक 9 सितंबर 2026 को फिल्म का ट्रेलर जारी कर दिया।

ट्रेलर सामने आते ही साफ हो गया है कि इस बार विजय सालगांवकर और उसके परिवार के सामने पहले से भी बड़ी चुनौती आने वाली है। कहानी में सस्पेंस, क्राइम और दिमागी खेल के साथ अब किस्मत का भी अहम रोल दिखाई दे रहा है।

विजय सालगांवकर के सामने नई चुनौती

2 मिनट 49 सेकेंड के ट्रेलर में विजय सालगांवकर अपने परिवार को बचाने के लिए एक बार फिर हर संभव कोशिश करता नजर आ रहा है। लेकिन इस बार मामला पहले से कहीं ज्यादा पेचीदा है।

फिल्म में जयदीप अहलावत क्राइम ब्रांच पुलिस ऑफिसर की भूमिका में नजर आएंगे, जबकि प्रकाश राज एक मशहूर वकील के किरदार में दिखाई देंगे। दोनों किरदार विजय की मुश्किलें बढ़ाते नजर आ रहे हैं।

तब्बू के किरदार में दिखा बदले का जुनून

ट्रेलर की सबसे खास बात तब्बू का किरदार है। सैम की मां के रूप में तब्बू इस बार सिर्फ न्याय नहीं चाहतीं, बल्कि उनके किरदार में बदले की भावना साफ दिखाई देती है।

वहीं विजय को इस बार भरोसा है कि सिर्फ उसका दिमाग ही नहीं, बल्कि किस्मत भी उसका साथ देगी। यही वजह है कि फिल्म का सस्पेंस और भी दिलचस्प होता नजर आ रहा है।

स्टारकास्ट और निर्देशन

Drishyam 3 में अजय देवगन के साथ श्रिया सरन, तब्बू, रजत कपूर, प्रकाश राज, जयदीप अहलावत और सौरभ शुक्ला अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

फिल्म का निर्देशन एक बार फिर अभिषेक पाठक ने किया है। ट्रेलर को देखकर फैंस के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है।

2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म

मेकर्स ने Drishyam 3: The Conclusion की रिलीज डेट पहले ही घोषित कर दी थी। यह फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

फिल्म के ट्रेलर ने यह संकेत दे दिया है कि विजय सालगांवकर की कहानी में इस बार सस्पेंस का और बड़ा खेल देखने को मिलेगा। अब देखना होगा कि विजय अपने परिवार को बचाने के लिए इस बार कौन-सा दांव चलता है और दिमाग बनाम नसीब की इस जंग में आखिर जीत किसकी होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts