रायपुर, 4 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए रोजगार से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने सहकारिता विभाग के अंतर्गत पांच जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों और उनसे संबद्ध प्राथमिक कृषि साख समितियों (PACS) में कुल 1,360 पदों पर भर्ती की मंजूरी दी है। इससे बड़ी संख्या में युवाओं को सरकारी एवं सहकारी क्षेत्र में रोजगार का अवसर मिलेगा।
मंजूर किए गए पदों में 198 पद जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के विभिन्न संवर्गों के हैं, जबकि 1,162 पद समिति प्रबंधकों के हैं। समिति प्रबंधक के पदों में 596 पद सीधी भर्ती तथा 566 पद सीमित चयन प्रक्रिया के माध्यम से भरे जाएंगे।
पांच क्षेत्रों में इतने पद
क्षेत्रवार स्वीकृत पदों की संख्या इस प्रकार है—
- रायपुर क्षेत्र – 508 पद
- बिलासपुर क्षेत्र – 444 पद
- बस्तर-जगदलपुर क्षेत्र – 187 पद
- दुर्ग-राजनांदगांव क्षेत्र – 154 पद
- रायगढ़ क्षेत्र – 67 पद
इस तरह पांचों क्षेत्रों में कुल 1,360 पदों पर भर्ती होगी।
बैंक के कई पदों पर होगी भर्ती
जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों में उप प्रबंधक, प्रोग्रामर, सहायक प्रबंधक, फील्ड ऑफिसर, सहायक प्रोग्रामर और सामान्य सहायक सहित विभिन्न पद शामिल हैं। भर्ती प्रक्रिया निर्धारित सेवा नियमों और आरक्षण प्रावधानों के अनुसार पूरी की जाएगी।
सहकारिता मंत्री ने दिए थे निर्देश
सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने 21 अगस्त को विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद विभाग ने भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए पदों की स्वीकृति की कार्रवाई की है।
भर्ती प्रक्रिया सेवा नियम 2023, आरक्षण प्रावधानों और वित्तीय मानकों के अनुरूप होगी। चयन प्रक्रिया में संभागीय संयुक्त पंजीयक की भूमिका भी महत्वपूर्ण होगी और उन्हें भर्ती एवं चयन समिति में अनिवार्य रूप से शामिल किया जाएगा।
हालांकि, भर्ती प्रक्रिया सुप्रीम कोर्ट में लंबित एसएलपी (SLP) में आने वाले अंतिम आदेश के अधीन रहेगी।
किसानों और खाताधारकों को भी मिलेगा फायदा
इन पदों पर नियुक्तियों से सहकारी बैंकों और समितियों की कार्यक्षमता बढ़ने की उम्मीद है। इससे किसानों और खाताधारकों को बेहतर बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। वहीं, प्राथमिक कृषि साख समितियों में कंप्यूटरीकरण और डिजिटल सेवाओं को भी मजबूत किया जा सकेगा।
सरकार के इस निर्णय से एक ओर सहकारिता क्षेत्र में मानव संसाधन की कमी दूर होगी, वहीं दूसरी ओर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे।




