गरियाबंद,4 सितम्बर 2026

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के मैनपुर ब्लॉक स्थित ज्ञान ज्योति प्राथमिक शाला कामारपारा में एक शिक्षक पर शराब के नशे में स्कूल पहुंचकर बच्चों को पढ़ाने का आरोप लगा है। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने संज्ञान लिया है।

वायरल वीडियो में शिक्षक सतीश कुमार दुबे कथित तौर पर नशे की हालत में नजर आ रहे हैं। वहीं, क्लासरूम में स्प्राइट की बोतल में महुआ शराब रखे होने का दावा किया गया है। हालांकि, शिक्षक ने स्कूल में शराब लेकर आने के आरोप से इनकार किया है।

जानकारी के मुताबिक, स्कूल में करीब 24 बच्चे पढ़ते हैं और यहां दो शिक्षकों की तैनाती है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल समय में शिक्षक शराब के नशे में पाए गए। इसके बाद कुछ ग्रामीणों ने शिक्षक का वीडियो बनाया।

घटना के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोप सही पाए जाने पर शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मिड-डे मील पर भी उठे सवाल

शिक्षक पर शराब के आरोप के साथ ही ग्रामीणों ने स्कूल में मिलने वाले मध्याह्न भोजन यानी पीएम पोषण योजना को लेकर भी सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बच्चों को निर्धारित साप्ताहिक मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं दिया जा रहा है और लंबे समय से मुख्य रूप से दाल-चावल ही परोसा जा रहा है।

अभिभावकों ने स्कूल में मिलने वाले भोजन की भी जांच कराने और निर्धारित मेन्यू के अनुसार बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की मांग की है।

BEO ने जारी किया शो-कॉज नोटिस

मामले को गंभीरता से लेते हुए मैनपुर BEO देवनाथ बघेल ने शिक्षक को शो-कॉज नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। साथ ही मामले की विभागीय जांच के निर्देश दिए गए हैं।

बीईओ के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शिक्षक पर लगाए गए आरोपों की विभागीय जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts