रायपुर, 30 अक्टूबर 2026

दीपावली के त्योहार से पहले छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों में काम करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों और स्वच्छता दीदियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री श्री अरुण साव की संवेदनशील पहल पर विभाग ने नगरीय निकायों को कुल 164 करोड़ 65 लाख रुपये आबंटित किए हैं।

इस राशि से नगरीय निकायों के लंबित वेतन, पेंशन और स्वच्छता दीदियों के मानदेय सहित विभिन्न आवश्यक वित्तीय दायित्वों का भुगतान किया जाएगा। सरकार की इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि दीपावली जैसे बड़े पर्व पर किसी भी अधिकारी-कर्मचारी या पेंशनर को आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।

लंबित वेतन के लिए 59.53 करोड़ और पेंशन के लिए 34.85 करोड़ रुपये

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने नगरीय निकायों में लंबित वेतन भुगतान के लिए 59 करोड़ 53 लाख रुपये आबंटित किए हैं। वहीं, सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन के भुगतान के लिए अतिरिक्त अनुदान के रूप में 34 करोड़ 85 लाख रुपये उपलब्ध कराए गए हैं।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि नगरीय निकायों में लंबित वेतन, पेंशन और अन्य आवश्यक भुगतान समय पर सुनिश्चित किए जाएं।

उन्होंने कहा कि त्योहार के अवसर पर अधिकारी-कर्मचारियों और सेवानिवृत्त पेंशनधारियों को उनके देय भुगतान के लिए आर्थिक कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़े। उनके निर्देशों के अनुरूप विभाग ने विभिन्न मदों में राशि की व्यवस्था की है।

स्वच्छता दीदियों के मानदेय के लिए 23.51 करोड़ रुपये आबंटित

नगरीय प्रशासन विभाग ने मिशन क्लीन सिटी के अंतर्गत स्वच्छता दीदियों के मानदेय भुगतान के लिए भी विशेष व्यवस्था की है।

स्वच्छता दीदियों को अक्टूबर से दिसंबर 2026 तक के मानदेय भुगतान के लिए 23 करोड़ 51 लाख रुपये आबंटित किए गए हैं। इससे नगरीय निकायों में स्वच्छता कार्यों से जुड़ी महिलाओं को उनके मानदेय का भुगतान सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

मासिक चुंगी मद के लिए 21.09 करोड़ रुपये

नगरीय निकायों की नियमित वित्तीय जरूरतों को पूरा करने के लिए विभाग ने अक्टूबर 2026 के मासिक चुंगी मद में 21 करोड़ 9 लाख रुपये आबंटित किए हैं।

इस राशि से नगरीय निकायों को अपनी नियमित वित्तीय जिम्मेदारियों और नागरिक सुविधाओं से जुड़े आवश्यक कार्यों के संचालन में सहायता मिलेगी।

मरम्मत और संधारण कार्यों के लिए 22.60 करोड़ रुपये

शहरों में आवश्यक मरम्मत और संधारण कार्यों को जारी रखने के लिए भी विभाग ने राशि उपलब्ध कराई है।

अपार निधि मरम्मत-संधारण के द्वितीय त्रैमासिक मद में 22 करोड़ 60 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। इससे नगरीय निकायों में जरूरी मरम्मत और रखरखाव के कार्य निर्बाध रूप से जारी रह सकेंगे।

बिलासपुर नगर निगम को नगरोत्थान योजना की दूसरी किस्त

इसके अतिरिक्त बिलासपुर नगर निगम को नगरोत्थान योजना की द्वितीय किस्त के रूप में 3 करोड़ 8 लाख रुपये प्रदान किए जा रहे हैं। इससे शहर में विकास एवं आवश्यक कार्यों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

दीपावली से पहले कई वर्गों को मिलेगा लाभ

दीपावली के पहले जारी की गई इस राशि से नगरीय निकायों को एक साथ कई वित्तीय जरूरतें पूरी करने में सहायता मिलेगी। इसमें अधिकारियों-कर्मचारियों का लंबित वेतन, सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन, स्वच्छता दीदियों का मानदेय, नियमित वित्तीय दायित्वों और मरम्मत-संधारण कार्यों के लिए राशि शामिल है।

इस पहल से जहां नगरीय निकायों के कर्मचारियों और पेंशनरों को त्योहार से पहले आर्थिक राहत मिलेगी, वहीं शहरों में स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं और आवश्यक सेवाओं का संचालन भी सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव की इस पहल को दीपावली से पहले नगरीय निकायों से जुड़े कर्मचारियों, पेंशनरों और स्वच्छता दीदियों के हित में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts