रायपुर, 20 अगस्त 2026
बस की टक्कर से स्कूटी सवार और बच्चा घायल
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा सामने आया। यहां एक यात्री बस ने स्कूटी सवार व्यक्ति और उसके साथ मौजूद 3 साल के बच्चे को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों को चोटें आई हैं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह घटना टिकरापारा थाना क्षेत्र में पचपेड़ी नाका से संतोषी नगर जाने वाली सर्विस रोड पर हुई।
सर्विस रोड पर हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक यात्री बस सर्विस रोड से रिंग रोड की ओर जा रही थी। इसी दौरान बस ने स्कूटी सवार गौतम पठानी और 3 वर्षीय बच्चे को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी बस के नीचे फंस गई और कुछ दूरी तक घिसटती चली गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
हादसे का CCTV वीडियो सामने आया है, जिसमें घटना के बाद स्कूटी को बस के नीचे फंसे और घिसटते हुए देखा जा सकता है। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल गौतम पठानी को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बच्चे को भी चोटें आई हैं। हादसे के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



