रायपुर,19 अगस्त 2026

रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए छत्तीसगढ़ में मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन की कार्रवाई जारी है। विभाग ने ‘बने खाबो-बने रहिबो 2.0’ सात दिवसीय विशेष जन-जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत प्रदेशभर में मिठाई दुकानों, होटल-रेस्टोरेंट, कन्फेक्शनरी, थोक विक्रेताओं और खाद्य निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया जा रहा है।

महासमुंद में 300 किलो एनालॉग पनीर सील

महासमुंद जिले के भलेसर रोड स्थित वैद्य फूड प्रोडक्ट फैक्टरी में एनालॉग पनीर निर्माण संबंधी शिकायत पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन, राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। करीब तीन घंटे चली जांच के दौरान मौके पर मिले लगभग 300 किलोग्राम तैयार पनीर को सील कर दिया गया।

पनीर के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

कई जिलों में मिठाई और खाद्य पदार्थों के नमूने

अभियान के तहत रायपुर के डूमरतराई होलसेल मार्केट से सोन केक, गुलाब जामुन और रसगुल्ला के नमूने लिए गए। दुर्ग में कन्फेक्शनरी दुकानों का निरीक्षण कर विधिक और निगरानी नमूने संकलित किए गए।

बालोद में पनीर, खोवा और बूंदी लड्डू की जांच के लिए नमूने लिए गए। वहीं बिलासपुर में करीब 102 किलोग्राम मिथ्याछाप बर्फी सीज की गई। इसके अलावा कोरबा, रायगढ़, कांकेर, राजनांदगांव, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही समेत अन्य जिलों में भी कार्रवाई की गई।

अखबारी कागज और प्रतिबंधित रंगों पर चेतावनी

खाद्य कारोबारियों को अखबारी कागज में खाद्य पदार्थ पैक नहीं करने और मिठाइयों में प्रतिबंधित रंगों का इस्तेमाल नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, सुरक्षित भंडारण और कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने को कहा गया है।

त्योहार में मिठाई खरीदते समय रखें ध्यान

खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि राखी के त्योहार पर मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थ खरीदते समय निर्माण तिथि, उपयोग की अवधि, लेबल, पैकेजिंग और FSSAI लाइसेंस/पंजीयन जरूर जांचें।

विभाग ने कहा है कि संदिग्ध गुणवत्ता या मिलावट की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित विभाग को सूचना दें। ‘बने खाबो-बने रहिबो 2.0’ अभियान का उद्देश्य त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts