रायपुर, 17 अगस्त 2026
खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने जिला मुख्यालय कांकेर में जिला स्तरीय बहुउद्देश्यीय स्टेडियम के निर्माण के लिए 7 करोड़ 60 लाख 34 हजार रुपए मंजूर किए हैं। क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत कांकेर के सिंगारभाट स्टेडियम की चिन्हित भूमि पर 4,000 दर्शक क्षमता वाले बहुउद्देश्यीय स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद राज्य शासन ने मंत्रालय से प्रशासकीय स्वीकृति का आदेश जारी कर दिया है।
स्टेडियम में मिलेंगी ये सुविधाएं
स्वीकृत राशि से स्टेडियम परिसर में 400 मीटर 8-लेन सिंथेटिक रनिंग ट्रैक, मिनी जिम, महिला एवं पुरुष शौचालय, सीसी रोड, आरसीसी ड्रेन और ओपन स्टेज सहित विभिन्न निर्माण कार्य किए जाएंगे।
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली सामग्रियों और संपूर्ण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्तर पर गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
समय-सीमा में पूरा करना होगा निर्माण
खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने निर्माण कार्य की निविदा समय-सीमा में पूरी करने और प्राक्कलन के अनुसार कार्य संपादित करते हुए मितव्ययिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। निर्माण एजेंसी को अनुबंधित समय-सीमा के भीतर काम पूरा करना होगा।
विभाग ने अनावश्यक रूप से समय-सीमा बढ़ाने पर रोक लगाई है। केवल अपरिहार्य और नियंत्रण से बाहर माने जाने वाले कारणों के आधार पर ही सक्षम अधिकारी द्वारा समय-सीमा में वृद्धि की जा सकेगी।
निर्माण कार्य की अवधि बढ़ाने की स्थिति में नियमानुसार अर्थदंड सहित Time Extension लागू करने के निर्देश भी दिए गए हैं।



