रायपुर, 16 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास परिसर में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी छत्तीसगढ़ के निर्माता और प्रदेशवासियों की भावनाओं का सम्मान करने वाले महान राष्ट्रनायक थे। छत्तीसगढ़ को पृथक राज्य का दर्जा दिलाने का ऐतिहासिक निर्णय उनके दूरदर्शी नेतृत्व, दृढ़ संकल्प और संवेदनशील सोच का परिणाम था। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण का यह निर्णय प्रदेश के इतिहास में सदैव स्वर्णाक्षरों में अंकित रहेगा।
राजनीति में संवेदनशीलता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रतीक थे अटल जी
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी का छत्तीसगढ़ से रिश्ता केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि आत्मीय और भावनात्मक भी था। उन्हें स्वयं अटल जी का स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त करने का सौभाग्य मिला। उनके साथ जुड़ी स्मृतियां आज भी उनके जीवन में प्रेरणा का स्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि अटल जी एक संवेदनशील कवि, प्रखर पत्रकार, ओजस्वी वक्ता और दूरदर्शी राजनेता थे। वैचारिक दृढ़ता के साथ विनम्रता, संवाद और संवेदनशीलता उनके व्यक्तित्व की प्रमुख विशेषताएं थीं। राष्ट्रहित उनके लिए सदैव सर्वोपरि रहा।
गांव, गरीब, किसान और जनजातीय समाज के विकास को दी प्राथमिकता
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अटल जी ने सुशासन और अंत्योदय को शासन का आधार बनाकर विकास की ऐसी विरासत स्थापित की, जो आज भी देश को दिशा दे रही है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से गांवों को सड़कों से जोड़ने की पहल ने ग्रामीण भारत के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति दी।
उन्होंने कहा कि किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ अटल जी ने जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास को भी प्राथमिकता दी। उनके कार्यकाल में पृथक जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन किया गया, जो जनजातीय समुदायों के विकास और अधिकारों के प्रति उनकी संवेदनशीलता को दर्शाता है।
अटल जी के सुशासन और अंत्योदय के मार्ग पर आगे बढ़ रहा छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी ने जिस छत्तीसगढ़ की आधारशिला रखी, उसे समृद्ध, विकसित और आत्मनिर्भर बनाना सभी का दायित्व है। राज्य सरकार सुशासन, अंत्योदय और जनकल्याण के मूल्यों को आत्मसात करते हुए प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ आज विकास और सुशासन के नए अध्याय लिख रहा है। सरकार के प्रयास गांव, गरीब, किसान, युवा, महिला और जनजातीय समाज के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने तथा विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने पर केंद्रित हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन, विचार और आदर्श नेतृत्व देश और प्रदेश के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे। छत्तीसगढ़ के निर्माता के रूप में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। अटल जी के सपनों के अनुरूप समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।



