रायपुर,16 अगस्त 2026

राजधानी रायपुर के नया रायपुर स्थित सेंध लेक के पास स्वतंत्रता दिवस के मौके पर युवाओं की स्टंटबाजी और यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। मंदिर हसौद पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाकर तीन दर्जन से अधिक दोपहिया वाहनों को जब्त किया, जबकि 59 वाहनों का ई-चालान काटा गया।

पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि छुट्टियों और विशेष मौकों पर बड़ी संख्या में युवक सेंध लेक के आसपास पहुंचकर बाइक से खतरनाक स्टंट करते हैं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर 15 अगस्त को विशेष अभियान चलाया गया।

चेकिंग प्वाइंट बनाकर की गई जांच

अभियान के दौरान पुलिस ने सेंध लेक और आसपास के इलाकों में चेकिंग प्वाइंट बनाए। इस दौरान कई युवक बाइक पर तीन सवारी बैठाकर चलते मिले, जबकि कुछ तेज रफ्तार में स्टंट करते पाए गए। पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की और कई वाहन जब्त किए।

59 वाहनों के काटे गए ई-चालान

पुलिस ने नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े 59 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ई-चालान जारी किए। वहीं, नाबालिगों के वाहन चलाने के मामलों में पुलिस ने उनके परिजनों को थाने बुलाकर समझाइश दी।

अधिकारियों ने परिजनों को स्पष्ट किया कि नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने देना कानून का उल्लंघन है। इससे बच्चों के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।

स्टंटबाजी से दूर रहने की अपील

पुलिस ने वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, निर्धारित संख्या से अधिक सवारी नहीं बैठाने और सार्वजनिक स्थानों पर स्टंट नहीं करने की सख्त हिदायत दी है।

मंदिर हसौद निरीक्षक आशीष यादव ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सार्वजनिक सड़कों पर खतरनाक स्टंट से बचने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts