रायपुर, 12 अगस्त 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय हरेली तिहार के पावन अवसर पर नवा रायपुर में राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा के नवीन शासकीय आवास में आयोजित गृह प्रवेश समारोह एवं हरेली उत्सव में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने श्री वर्मा और उनके परिजनों को नवीन आवास में गृह प्रवेश की बधाई देते हुए उनके सुखी, समृद्ध और मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को भी छत्तीसगढ़ के प्रथम लोक पर्व हरेली तिहार की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हरेली जैसे शुभ अवसर पर राजस्व मंत्री का गृह प्रवेश इस आयोजन को और भी विशेष बनाता है। हरेली छत्तीसगढ़ की कृषि संस्कृति, प्रकृति और ग्रामीण जीवन से गहराई से जुड़ा पर्व है। किसान इस दिन कृषि औजारों और गौवंश की पूजा कर प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हैं और अच्छी वर्षा, भरपूर फसल तथा परिवार की खुशहाली की कामना करते हैं।

किसान छत्तीसगढ़ की प्रगति की धुरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था और ग्रामीण जीवन का मजबूत आधार खेती-किसानी है। किसान प्रदेश की प्रगति की धुरी हैं और उनकी समृद्धि में ही छत्तीसगढ़ की समृद्धि निहित है। राज्य सरकार किसानों की आमदनी बढ़ाने, खेती को लाभकारी बनाने और कृषि क्षेत्र में नई संभावनाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश में किसानों से 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी की जा रही है। इससे किसान परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि उत्पादकता बढ़ाने के लिए सिंचाई सुविधाओं का विस्तार तेजी से किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि अधिक से अधिक कृषि क्षेत्र को सुनिश्चित सिंचाई की सुविधा मिले, ताकि किसान वर्षा पर निर्भरता कम कर बेहतर उत्पादन हासिल कर सकें।

उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए केवल परंपरागत खेती तक सीमित रहने के बजाय उन्हें कृषि से जुड़ी सहायक और आयमूलक गतिविधियों से जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है। केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, सिंचाई, कृषि यंत्रीकरण और अन्य आयवर्धक गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान मजबूत होगा तो गांव मजबूत होगा और गांव मजबूत होंगे तो विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की गति और तेज होगी। सरकार की नीतियों के केंद्र में अन्नदाता का हित है और खेती-किसानी को अधिक समृद्ध एवं लाभकारी बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है।

हरेली से शुरू होता है छत्तीसगढ़ के पर्वों का सिलसिला : डॉ. रमन सिंह

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने प्रदेशवासियों को हरेली तिहार की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हरेली छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और कृषि परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। हरेली के साथ ही प्रदेश में तीज-त्योहारों का उल्लासपूर्ण सिलसिला शुरू हो जाता है और आज पूरा छत्तीसगढ़ हरेली के रंग में रंगा हुआ है।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष अच्छी बारिश से किसानों में उत्साह और बेहतर फसल की उम्मीद जगी है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि प्रदेश के खेत-खलिहान अच्छी फसल से लहलहाएं, किसानों के घरों में खुशहाली आए और छत्तीसगढ़ निरंतर प्रगति करे। उन्होंने राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा और उनके परिजनों को नवीन शासकीय आवास में गृह प्रवेश की बधाई दी।

राम भजन की प्रस्तुति ने बनाया भक्तिमय माहौल

हरेली तिहार और गृह प्रवेश समारोह के दौरान राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने राम भजन की सुंदर प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति से समारोह में भक्तिमय वातावरण निर्मित हो गया। उपस्थित अतिथियों और नागरिकों ने भजन का आनंद लिया।

इस अवसर पर महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल श्री रमेश बैस, कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम, स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव, उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन, कौशल विकास मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक श्री मोतीलाल साहू एवं श्री इंद्रकुमार साहू, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री गौरीशंकर अग्रवाल, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा के परिजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts