रायपुर, 12 अगस्त 2026

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। नवीन शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई), जीजामगांव में सत्र 2026-27 से पहली बार ‘मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल’ ट्रेड का प्रथम बैच शुरू किया गया है। यह इस संस्था का भी पहला प्रशिक्षण सत्र होगा।

इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते उपयोग और ऑटोमोबाइल क्षेत्र में तेजी से हो रहे तकनीकी बदलावों को देखते हुए यह ट्रेड युवाओं के लिए रोजगार और करियर की दृष्टि से महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

दो वर्षीय पाठ्यक्रम में आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण

मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल ट्रेड दो वर्षीय पाठ्यक्रम है। इसमें प्रशिक्षणार्थियों को इलेक्ट्रिक वाहन तकनीक के साथ बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (BMS), मोटर कंट्रोल, चार्जिंग सिस्टम, वाहन सर्विसिंग और फॉल्ट डायग्नोसिस जैसी आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक एवं उद्योग-आधारित प्रशिक्षण दिया जाएगा।

वर्तमान में यह ट्रेड छत्तीसगढ़ के चुनिंदा 5 शासकीय आईटीआई संस्थानों में संचालित है। ऐसे में जीजामगांव आईटीआई में इसकी शुरुआत जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

रोजगार और स्वरोजगार के खुलेंगे नए अवसर

ई-व्हीकल के बढ़ते चलन के साथ अधिकृत सर्विस सेंटरों, इलेक्ट्रिक वाहन निर्माण कंपनियों, चार्जिंग स्टेशनों और बैटरी से जुड़ी सेवा इकाइयों में प्रशिक्षित तकनीशियनों की मांग बढ़ने की संभावना है।

प्रशिक्षण प्राप्त युवा ई-व्हीकल सर्विस सेंटर, तकनीकी सेवा इकाई अथवा अन्य संबंधित व्यवसाय शुरू कर स्वरोजगार की दिशा में भी आगे बढ़ सकते हैं।

तेजी से विकसित हो रहा जीजामगांव क्षेत्र

जीजामगांव क्षेत्र में फॉरेस्ट पार्क, फूड पार्क सहित विभिन्न विकास एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। हाल ही में कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने नवीन आईटीआई भवन के लिए चिह्नित भूमि का निरीक्षण भी किया था।

जिला धमतरी की नोडल संस्था शासकीय आईटीआई कुरूद के प्राचार्य श्री योगेश देवांगन ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्र में बढ़ती संभावनाओं का लाभ उठाने के लिए नवीन ट्रेड में प्रवेश लें।

ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू

आईटीआई में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीयन और चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश से संबंधित अधिक जानकारी के लिए शासकीय आईटीआई कुरूद से संपर्क किया जा सकता है।

83 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों में शामिल था नवीन आईटीआई

उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष 23 सितंबर को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने ग्राम करेली बड़ी में आयोजित समारोह में जिले के लिए 83 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की घोषणा की थी। इनमें जीजामगांव में नवीन आईटीआई की स्थापना भी शामिल थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts