बिलासपुर,7 अगस्त 2026

छत्तीसगढ़ के लिए खेल जगत से बड़ी उपलब्धि सामने आई है। खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, बिलासपुर की दो खिलाड़ियों मधु सिदार और गीता यादव का चयन भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी 30 अगस्त से 13 सितंबर तक चीन के मोकी में आयोजित होने वाले जूनियर एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दी बधाई
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों से वीडियो कॉल पर बातचीत कर उन्हें भारतीय टीम में चयन की बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों की तैयारियों की जानकारी लेते हुए प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं भी दीं। खेल विभाग के सचिव यशवंत कुमार और संचालक तनुजा सलाम ने भी दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

बिलासपुर सेंटर में ले रही हैं प्रशिक्षण
दोनों खिलाड़ी खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, बिलासपुर की आवासीय खेल अकादमी में मुख्य प्रशिक्षक अजीत लकड़ा और वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।

जशपुर की मधु सिदार का शानदार सफर
जशपुर जिले के कांसाबेल की रहने वाली मधु सिदार ने सब-जूनियर नेशनल चैंपियनशिप, स्कूल नेशनल, सब-जूनियर इंटर जोन चैंपियनशिप और हॉकी इंडिया नेशनल चैंपियनशिप सहित कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया है। वह खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 में भी खेल चुकी हैं और अप्रैल 2026 से बेंगलुरु में भारतीय टीम के साथ प्रशिक्षण ले रही हैं।

कबीरधाम की गीता यादव का अंतरराष्ट्रीय अनुभव
कबीरधाम जिले के बोड़ला की गीता यादव ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत 2024 में नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे से की थी। इसके बाद वह अर्जेंटीना तथा इंग्लैंड-स्कॉटलैंड दौरे में भी भारतीय टीम का हिस्सा रहीं। अब उनका चयन जूनियर एशिया कप के लिए होने से छत्तीसगढ़ को एक और बड़ी खेल उपलब्धि मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts