रायपुर, 7 अगस्त 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से आज मंत्रालय महानदी भवन में कार्टून वॉच के संपादक श्री त्र्यंबक शर्मा ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने ‘मुस्कुराता बस्तर’ अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्टून प्रदर्शनी एवं प्रशिक्षण कार्यशाला की जानकारी दी और इस अभिनव पहल पर आधारित स्मारिका मुख्यमंत्री को भेंट की।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ‘मुस्कुराता बस्तर’ पहल की सराहना करते हुए कहा कि कला समाज को जोड़ने और नई पीढ़ी के व्यक्तित्व निर्माण का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि कार्टून केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि विचारों को सरल, सहज और प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त करने की सशक्त विधा है।

उन्होंने कहा कि यदि बच्चों को प्रारंभिक अवस्था से ही रचनात्मक अभिव्यक्ति के अवसर मिलें, तो उनमें आत्मविश्वास, संवेदनशीलता, तार्किक सोच और सकारात्मक दृष्टिकोण का विकास होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा के साथ कला, साहित्य, खेल और संस्कृति जैसी गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए समान रूप से आवश्यक हैं।

मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस तरह के आयोजन प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर होंगे, जिससे अधिक से अधिक विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

उल्लेखनीय है कि जनसंपर्क विभाग और कार्टून वॉच द्वारा ‘मुस्कुराता बस्तर’ अभियान के तहत जगदलपुर सहित बस्तर अंचल के विभिन्न शासकीय विद्यालयों के लगभग 100 विद्यार्थियों के लिए विशेष कार्टून प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई।

इस कार्यशाला में देश के प्रतिष्ठित कार्टूनिस्टों ने बच्चों को कार्टून कला की बारीकियां, रेखांकन, व्यंग्य की अभिव्यक्ति, दृश्य संप्रेषण और रचनात्मक सोच के विभिन्न आयामों से परिचित कराया। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को चित्रों के माध्यम से अपनी कल्पनाशीलता व्यक्त करने और सामाजिक विषयों पर सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts