शाहजहांपुर,6 अगस्त 2026

फिल्म अभिनेता राजपाल यादव की कानूनी और आर्थिक मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने 9 सितंबर को उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर स्थित उनकी दो संपत्तियों की ऑनलाइन नीलामी की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए संबंधित संपत्तियों पर नीलामी का नोटिस भी चस्पा कर दिया गया है।

बैंक के अनुसार, राजपाल यादव पर 16 करोड़ 61 लाख 64 हजार रुपये का बकाया ऋण है। हालांकि नीलामी के लिए चिन्हित दोनों संपत्तियों की आरक्षित कीमत 3 करोड़ 19 लाख 26 हजार रुपये निर्धारित की गई है। इनमें शहर स्थित एक संपत्ति और गांव में स्थित खेत व मकान शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, अभिनेता ने यह ऋण अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ के निर्माण के लिए लिया था। ऋण की अदायगी नहीं होने पर बैंक ने गिरवी रखी गई संपत्तियों पर कब्जा लेकर SARFAESI Act के तहत नीलामी प्रक्रिया शुरू की है।

बताया जा रहा है कि ऋण के लिए राजपाल यादव की पत्नी राधा यादव और मां गोदावरी यादव की संपत्तियों को भी गारंटर के रूप में गिरवी रखा गया था। इसी आधार पर बैंक ने उनके खिलाफ भी कार्रवाई आगे बढ़ाई है। वहीं, मुंबई स्थित अन्य संपत्तियों को लेकर भी कार्रवाई की चर्चा है।

चेक बाउंस मामले में राजपाल यादव पहले भी तिहाड़ जेल जा चुके हैं। अदालत से सजा मिलने के बाद मामला दिल्ली हाईकोर्ट तक पहुंचा था, जहां भी फैसला बरकरार रखा गया। बाद में डेढ़ करोड़ रुपये की किस्त जमा करने के बाद उन्हें जमानत मिली थी। इस मामले में उनकी पत्नी भी सह-अभियुक्त हैं।

बैंक अधिकारियों का कहना है कि बकाया ऋण की वसूली के लिए नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है और निर्धारित तिथि 9 सितंबर को संपत्तियों की ऑनलाइन नीलामी कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts