रायपुर,30 जुलाई 2026

प्रदेश में लगातार हो रही भारी वर्षा और मौसम विभाग द्वारा जारी रेड एवं येलो अलर्ट को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी जिला कलेक्टरों, पुलिस अधीक्षकों और संबंधित विभागों के अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जन सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और राहत-बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने सभी कलेक्टरों को संभावित बाढ़ और जलभराव प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी रखने, संवेदनशील स्थानों की पहचान कर समय रहते आवश्यक एहतियाती कदम उठाने और जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके।

उन्होंने कहा कि सभी जिलों में राहत एवं बचाव कार्यों की पूर्व तैयारी सुनिश्चित की जाए। राहत शिविरों में भोजन, स्वच्छ पेयजल, दवाइयां, प्राथमिक उपचार, बिजली, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें। साथ ही वृद्धजन, महिलाएं, बच्चे और दिव्यांगजन जैसे संवेदनशील वर्गों की विशेष देखभाल सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, होमगार्ड, नगर सेना, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, विद्युत वितरण कंपनी तथा अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी सतर्कता बनाए रखें। आपात स्थिति से निपटने के लिए नावों, राहत सामग्री, उपकरणों और अन्य आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने अधिकारियों को 24×7 निगरानी रखने, मौसम की स्थिति, जलाशयों के जलस्तर, नदी-नालों और संभावित जोखिम वाले क्षेत्रों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। आवश्यकता पड़ने पर त्वरित निर्णय लेकर राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू करने को कहा गया है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, अनावश्यक रूप से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन को दें। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशासन की सतर्कता, समयबद्ध कार्रवाई और जनसहयोग से किसी भी संभावित आपदा का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts