रायपुर, 18 अगस्त 2026

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ मंगलवार 18 अगस्त को सुबह 10:30 बजे फिजिकल कॉलेज खेल मैदान, पेण्ड्रा में होगा। यह चार दिवसीय प्रतियोगिता 18 से 21 अगस्त तक आयोजित की जाएगी।

प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों से करीब 540 खिलाड़ी शामिल होंगे। 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग के ये खिलाड़ी विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।

उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्य मंत्री श्री तोखन साहू होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं मरवाही विधायक श्री प्रणव कुमार मरपच्ची करेंगे। वहीं कोरबा लोकसभा सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत और कोटा विधायक श्री अटल श्रीवास्तव अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

इन खेलों में होगा मुकाबला

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिम्नास्टिक बालक एवं बालिका, क्रिकेट बालक, ताईक्वांडो बालक एवं बालिका तथा कबड्डी बालिका वर्ग की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। प्रदेश के विभिन्न जिलों और संभागों से पहुंचे युवा खिलाड़ी इन प्रतियोगिताओं में अपने खेल कौशल और प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

इस प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण में अपनी क्षमता निखारने और बेहतर प्रदर्शन करने का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा। राज्य स्तरीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए यह प्रतियोगिता आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण माध्यम भी बनेगी।

जिले में व्यापक तैयारियां

प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में व्यापक तैयारियां की गई हैं। खिलाड़ियों के आवास, भोजन, खेल मैदान और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया गया है।

चार दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता से पूरे जिले में खेलमय वातावरण बनेगा और प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts