जगदलपुर | 21 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा आयोजित प्रयोगशाला परिचारक भर्ती परीक्षा का आयोजन रविवार, 26 जुलाई को किया जाएगा। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक होगी। इसके लिए जिला प्रशासन ने जगदलपुर में 13 परीक्षा केंद्र बनाए हैं, जहां 4,223 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

प्रशासन के अनुसार परीक्षा के सुचारू और पारदर्शी संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देश पर परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से ढाई घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। प्रवेश से पहले मुख्य द्वार पर मेटल डिटेक्टर से जांच की जाएगी और जांच के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा।

अभ्यर्थियों को अपने साथ इंटरनेट से डाउनलोड किया गया मूल प्रवेश पत्र तथा एक वैध मूल फोटो पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। यदि प्रवेश पत्र पर लगी फोटो स्पष्ट या नवीन नहीं है, तो दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो साथ लानी होंगी।

परीक्षा के लिए ड्रेस कोड भी निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थियों को हल्के रंग के हाफ स्लीव कपड़े या टी-शर्ट पहनकर तथा पैरों में केवल चप्पल पहनकर ही परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। परीक्षा कक्ष में मोबाइल, स्मार्ट वॉच, घड़ी, पर्स, बेल्ट, जूते, मोजे, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, स्कार्फ, टोपी, चश्मा सहित किसी भी प्रकार के प्रतिबंधित सामान को ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा कान की बाली, झुमके सहित अन्य आभूषण पहनना भी प्रतिबंधित रहेगा।

जगदलपुर में बनाए गए परीक्षा केंद्रों में शासकीय काकतीय पीजी कॉलेज, शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय, दंतेश्वरी पीजी महिला महाविद्यालय, महारानी लक्ष्मीबाई कन्या विद्यालय, बहुउद्देशीय हायर सेकेंडरी स्कूल, सेजेस कन्या विद्यालय, स्वामी आत्मानंद इंग्लिश एवं हिन्दी मीडियम स्कूल, महिला पॉलिटेक्निक, लालबाग हायर सेकेंडरी स्कूल, बाल बिहार हायर सेकेंडरी स्कूल तथा निर्मल हायर सेकेंडरी स्कूल शामिल हैं।

परीक्षा के सफल संचालन के लिए डिप्टी कलेक्टर डॉ. मनीष कुमार वर्मा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि डॉ. अनिल श्रीवास्तव और डॉ. अजय सिंह ठाकुर को सह-समन्वयक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts