जागरूकता रैली निकालकर दिया ओजोन परत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

जगदलपुर, 16 सितंबर 2026। विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर वन छत्तीसगढ़ गर्ल्स बटालियन एनसीसी, परचनपाल के अधीन संचालित कन्या शिक्षा परिसर में मंगलवार को पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ओजोन परत संरक्षण पर व्याख्यान, जागरूकता रैली और वृक्षारोपण जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं।

एनसीसी कैडेटों और विद्यालय की छात्राओं ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत परिसर में पौधे लगाए। इस अवसर पर छात्राओं को ओजोन परत के महत्व, उसके क्षरण के प्रमुख कारणों और पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही ओजोन परत की सुरक्षा के लिए पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने, प्रदूषण कम करने और अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया।

एनसीसी कैडेटों ने जागरूकता रैली निकालकर लोगों को ओजोन परत एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। हाथों में जागरूकता संबंधी संदेश लेकर निकली छात्राओं ने प्रकृति की रक्षा करने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण तैयार करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, एनसीसी अधिकारी, एनसीसी कैडेट और छात्राएं उपस्थित रहीं। आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और ओजोन परत की सुरक्षा के लिए उन्हें जागरूक बनाना था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts