नवीन 9 धान खरीदी केंद्रों की स्थापना से आसान होगी उपज की बिक्री

जगदलपुर, 16 सितंबर 2026/ बस्तर जिले के किसानों के लिए आगामी खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 राहत और नई उम्मीदों की सौगात लेकर आया है। राज्य शासन की स्वीकृति के बाद जिले में 9 नवीन धान उपार्जन केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण अंचलों के किसानों को अब अपनी उपज बेचने के लिए दूरदराज के केंद्रों तक लंबा सफर तय नहीं करना पड़ेगा। घर के नजदीक ही धान बेचने की सुविधा मिलने से न केवल अन्नदाताओं के समय और परिवहन खर्च की बचत होगी, बल्कि पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुगम बनेगी।

   प्रशासनिक पहल के तहत बस्तर विकासखंड के बाकेल, नंदपुरा, बागमोहलई, कुड़कानार और चिउरगांव में नए केंद्र खुल रहे हैं। वहीं, बकावण्ड विकासखंड में सतोषा व सौतपुर, जगदलपुर में काकरवाड़ा और लोहण्डीगुड़ा में धुरागांव को केंद्र के रूप में स्वीकृति दी गई है। कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने इन केंद्रों पर किसानों के लिए सुचारू खरीद व्यवस्था सुनिश्चित करने सहित संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं।  

    किसानों के लिए उक्त खरीदी केंद्रों पर जरूरी मूलभूत सुविधाओं स्वच्छ पेयजल, छायादार परिसर, बिजली, प्रकाश व्यवस्था और सुगम पहुंच मार्ग सुनिश्चित किए जाने कहा गया है। इसके अलावा प्रत्येक उपार्जन केंद्र पर कंप्यूटर, यूपीएस, जनरेटर के साथ-साथ बायोमेट्रिक व आईरिस सत्यापन की व्यवस्था की जा रही है, ताकि वास्तविक किसानों को बिना किसी परेशानी के त्वरित भुगतान और सेवा का लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts